बीजेपी की परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर दौसा में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जहां केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि जी-20 की जिस तरह भारत ने मेजबानी की है, भव्य रिसेप्शन और आयोजन किए हैं। भारत के अलावा कोई देश ऐसा नहीं कर सकता। वीके सिंह ने कहा कि जी-20 शक्तिशाली देश का समूह है, जिसे मोदी ने सात जगह मीटिंगों के जरिए देश तक पहुंचाया है। जो अमिट छाप भारत छोड़ेगा, कोई और देश ऐसा नहीं कर सकेगा। सभी देशों ने भारत की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। बायोफ्यूल एलाइंस पर मोदी जी के नेतृत्व में सफलता भारत को आर्थिक रूप से मजबूती की दिशा में ले जा रही है। जी-20 का स्वरूप भारत की भव्यता को तय कर रहा है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के टोंक के निवाई में भाषण को लेकर टिप्पणी करते हुए वीके सिंह ने कहा, उनका संबोधन बचकाना ज्यादा लगा, मैच्योरिटी कम लगी। मैं इसके अलावा भी कई शब्द इस्तेमाल कर सकता हूं। लेकिन खबर बड़ी बन जाएगी। इसलिए बोलूंगा नहीं। उन्होंने कहा देश के खिलाफ जो बात करता है, उसे क्या कहना चाहिए आप खुद समझ सकते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि जनता पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार के कामकाज से परेशान है। इसलिए हमें इस यात्रा को निकालने की जरूरत पड़ी, ताकि जनता साथ आए और परिवर्तन लाए। जनता ने भी अपने जोश और उत्साह के साथ परिवर्तन की पुष्टि की है। पूरे प्रदेश भर में परिवर्तन यात्रा को अपार जन समर्थन मिल रहा है।
वीके सिंह ने कहा, राजस्थान में बेरोजगारी के लिए कांग्रेस ने कुछ वादे किए, लेकिन 17 से भी ज्यादा बार पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं। राजस्थान में मेहनती लोग रहते हैं, जब पेपर लीक होता है, तो सबसे ज्यादा दु:ख उन्हीं लोगों को होता है। महिला, किसान आदि के लिए ऋण योजनाएं मोदी सरकार ने चला रखी हैं, लेकिन उनका भी सफल क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। आज देश में सबसे महंगी बिजली राजस्थान में है।
राजस्थान एक खुशहाल प्रदेश था, लेकिन बीते पांच वर्षों में राजस्थान में महिला अत्याचार हो रहे हैं। निर्वस्त्र कर महिलाओं को गांव में घुमाया जाता है। लूट, बलात्कार, डकैती की घटनाएं हो रही हैं, जिसके लिए वर्तमान सरकार दोषी है। वहीं, उत्तर प्रदेश में अपराधी कहां पर हैं? यही फर्क है बीजेपी और कांग्रेस में। कानून व्यवस्था में राजस्थान की सरकार पूर्णतया फेल है, इसलिए परिवर्तन जरूरी है। वीके सिंह ने कहा, हमारी भाजपा सरकार सर्वस्पर्शी होगी। जाति, धर्म, मजहब को साथ लेकर चलने वाली सरकार बनेगी। मोदी जी की सभी योजनाएं महिला, दलित, पीड़ित, किसान, बेरोजगार और वंचितों के लिए है। भारत की प्रतिभा का लोहा आज विदेशों के मैनेजमेंट ने माना है। इस तरह प्रदेश में भी सफल मैनेजमेंट की सरकार बनेगी।
बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व अरुण चतुर्वेदी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार का कार्यकाल पूर्ण होने वाला है, लेकिन जनता से किए वादे अधूरे हैं। प्रियंका गांधी की सभा हुई और वहीं पास में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही थीं। लड़की हूं लड़ सकती हूं, कहने वाली प्रियंका गांधी जी को बताना चाहता हूं कि प्रदेश में रोजाना दुष्कर्म की घटनाएं रोज हो रही हैं। लेकिन वे रणथम्भौर में टाइगर देखने में व्यस्त हो रही हैं। प्रियंका जी ये जान लें कि मोदी गरीबों के विषय में हमेशा चिंतित और कार्यरत रहते हैं।
प्रेस वार्ता में ये नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र गोठवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद रामकुमार वर्मा, दौसा ज़िलाध्यक्ष प्रभु दयाल शर्मा, जिला प्रवक्ता दीपक जोशी सहित कई भाजपाई मौजूद रहे।