कहते हैं कि जोड़ियां आसमान में बनती हैं और जो आपके लिए बना होता है वह किसी न किसी माध्यम से आपको मिल ही जाता है। ऐसे ही एक विवाह का उदाहरण पाली में देखने को मिला, जहां 4.5 फीट के दीपक थावानी और 3.8 फीट की सोनल उर्फ गर्विता विवाह बंधन में बंध गए।
इंस्टाग्राम से हुई दोस्ती, फिर हुआ प्यार
पाली के सिंधी कॉलोनी निवासी दीपक थावानी, जो पाली कोर्ट में जूनियर असिस्टेंट हैं, ने 2020 में इंस्टाग्राम पर दिल्ली की सोनल को फॉलो करना शुरू किया। सोनल दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करती हैं, उनकी तस्वीरों और रील्स को दीपक लगातार लाइक करते रहे। धीरे-धीरे दोनों के बीच मैसेज और फिर फोन पर बातचीत होने लगी।
27 सितंबर 2020 को दीपक ने हिम्मत कर सोनल को शादी के लिए प्रपोज किया। दो दिन तक सोचने के बाद सोनल ने भी हां कह दी। दोनों को हमेशा यह चिंता रहती थी कि उनकी हाइट के कारण शादी में मुश्किलें आ सकती हैं, लेकिन जब उन्होंने अपने परिवारों से बात की तो सभी ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया।
पांच साल के रिश्ते के बाद शादी
करीब पांच साल के प्यार के बाद 13 अप्रैल 2024 को दीपक और सोनल की सगाई परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में हुई। इसके बाद 24 जनवरी 2025 को दिल्ली में पारंपरिक रीति-रिवाज से दोनों ने विवाह किया। शादी के दो दिन बाद, 26 जनवरी 2025 को पाली में दीपक के परिवार ने शानदार रिसेप्शन का आयोजन किया।
इस शादी ने यह साबित कर दिया कि सच्चा प्यार किसी भी सीमा का मोहताज नहीं होता। दीपक और सोनल की जोड़ी सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है और उनकी अनोखी प्रेम कहानी कई लोगों के लिए प्रेरणा बनी हुई है।