फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: पाकिस्तान से आया इशारा, 30 हजार में रची रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश; पंजाब से महिला समेत दो गिरफ्तार

Sun, 15 Nov 2026 09:58 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्रीगंगानगर

सार

राजस्थान के श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 3 नवंबर को हुए ब्लास्ट के मामले में एटीएस और पुलिस ने पंजाब के गुरुदासपुर से महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच के अनुसार, महकदीप पाकिस्तान के शाह नाम के एजेंट के संपर्क में थी।
विज्ञापन
पंजाब से महिला समेत दो गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास हुए विस्फोट के मामले में राजस्थान एटीएस और पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने पाकिस्तान के एजेंट के संपर्क में रहकर रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पंजाब के गुरुदासपुर के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया है कि महिला लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के एक एजेंट के संपर्क में थी। उसी के इशारे पर दोनों ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की साजिश रची थी। आशंका है कि इस साजिश का मकसद ट्रेन को निशाना बनाना था।

विज्ञापन


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर (21) निवासी दोस्तपुर और देवेंद्र सिंह (23) निवासी चौड़ा कलां, गुरुदासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और पाकिस्तानी एजेंट से ब्लास्ट के लिए मिले 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आरोपियों के अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

पाकिस्तान के एजेंट के संपर्क में थी महिला, शाह ने दिए थे 30 हजार रुपये

एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि महकदीप कौर लंबे समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान के एजेंटों के संपर्क में थी। वह शाह नाम के एक एजेंट से जुड़ी हुई थी। इसी एजेंट ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए उसे पैसे उपलब्ध कराए थे। इसके बाद महकदीप ने अपने सहयोगी देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर श्रीगंगानगर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी एजेंट ने आरोपियों को राजस्थान भेजते समय आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) नहीं दिया था। राजस्थान पहुंचने के बाद उन्हें एक तय जगह से आईईडी का पैकेट मिला था। इसके बाद आरोपियों ने इसे रेलवे ट्रैक पर लगाया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क और पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।

तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचे थे आरोपी, दो बार नाकाम रही साजिश

पूछताछ में पता चला है कि आरोपी रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने के लिए तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचे थे। पहली बार 6 अक्टूबर को दोनों यहां आए और कई जगहों की रेकी की, लेकिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को दोबारा श्रीगंगानगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक पर बम लगाया, लेकिन उसमें विस्फोट नहीं हुआ।

विज्ञापन

दो बार नाकाम होने के बाद आरोपी 3 नवंबर को फिर श्रीगंगानगर पहुंचे। इस बार उन्होंने 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे और उन्हें आईईडी उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क के तार कहां तक जुड़े हैं।

केंद्रीय एजेंसी के इनपुट पर पंजाब पहुंची थी राजस्थान एटीएस की टीम

एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि तीन दिन पहले केंद्रीय एजेंसी से इनपुट मिलने के बाद राजस्थान एटीएस और पुलिस की टीमें पंजाब पहुंची थीं। कार्रवाई में श्रीगंगानगर से आईपीएस नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा और सुरेंद्र सिंह की टीमें शामिल रहीं। पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से दोनों आरोपियों को ट्रेस किया गया। उनकी लोकेशन गुरुदासपुर में मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर के आईजी ओमप्रकाश और एसपी हरिशंकर भी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। श्रीगंगानगर के सर्कल ऑफिसर (सिटी) और आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी पूरे मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

धमाके से रेलवे ट्रैक पर हुआ था 2 से 3 फीट गहरा गड्ढा

3 नवंबर की रात करीब पौने 10 बजे श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर के पास 50 जीबी गांव के नजदीक रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट से पटरियों के बीच करीब 2 से 3 फीट गहरा गड्ढा हो गया था। वहीं, दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे और आसपास के कई स्लीपर के लॉक टूट गए थे।
बताया गया कि धमाके से कुछ समय पहले ही इस रेलवे ट्रैक से एक यात्री ट्रेन गुजरी थी। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेलवे ट्रैक पर गड्ढा और नुकसान देखकर रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।

एहतियातन रोकी गई थीं ट्रेनें, 5 नवंबर को बहाल हुई आवाजाही

रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की घटना के बाद एहतियात के तौर पर रेलवे प्रशासन ने इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी थी। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि मरम्मत का काम पूरा होने और जरूरी सुरक्षा जांच के बाद 5 नवंबर को इस रूट पर ट्रेन सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई थीं।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने रामसिंहपुर पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच की गई और धमाके से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच की गई। बाद में मामले की जांच आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी को सौंपी गई।

दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन में होनी है प्रेस कॉन्फ्रेंस

मामले में विस्तृत जानकारी देने के लिए पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस पहले शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि 12 बजे श्रीगंगानगर पुलिस लाइन में प्रस्तावित थी। हालांकि, रात करीब 10:30 बजे अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए इसे स्थगित कर दिया गया। अब रविवार, 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें रेलवे ट्रैक ब्लास्ट और पाकिस्तान के एजेंट से जुड़े नेटवर्क को लेकर अन्य अहम खुलासे होने की संभावना है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें