जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की टीम ने एक बार फिर सोना तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कस्टम विभाग की टीम ने यात्री के ट्रॉली बैग से करीब 2170.300 ग्राम तस्करी का सोना बरामद किया है। जिसकी कीमत एक करोड़ 12 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार शनिवार सुबह 4:25 बजे एयर अरबिया की फ्लाइट से शारजाह से एक यात्री जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा था। जयपुर एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान यात्री संदिग्ध लगा। यात्री के पास दो ट्रॉली बैग थे। पूछताछ करने पर यात्री संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद यात्री के सामान को जब चेक किया गया तो वायर जैसी इमेज सामने आई। सघनता से चेकिंग करने पर प्रत्येक ट्रॉली बैग में दो रोडियम पॉलिश्ड वायर बरामद हुई। जब वायर को चेक किया गया तो उसमें सोना निकला, जिसका वजन करीब 2170.300 ग्राम पाया गया।
यात्री ने ट्रॉली बैग के अंदर स्टील पट्टी में तार के रूप में सोना छुपा कर लाया गया था। पूछताछ में सामने आया है कि यात्री को शारजाह में उसके किसी परिचित ने सोना जयपुर पहुंचाने के लिए दिया था। सोना तस्करी के बदले यात्री को टिकट लालच और हजार रुपए दिए गए थे। सोना देने वाले व्यक्ति ने ही यात्री का टिकट करवाया था और हजार रुपये भी दिए थे।