राज्य में जयपुर के बाद अब दूसरे सबसे बड़े शहर जोधपुर में भी जल्दी ही मेट्रो-रेल आ सकती है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने जयपुर की तरह जोधपुर में भी मेट्रो-रेल चलाने के लिये सैद्घांतिक मंजूरी दे दी है।
केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार को जोधपुर में मेट्रो के लिये विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की दिल्ली में हुई मुलाकात के बाद यह जानकारी दी गई। डीपीआर मिलने के बाद इस पर आगे कार्रवाई की जायेगी।
जयपुर मेट्रो के संबंध में कमलनाथ ने बताया कि जयपुर में मेट्रो-परियोजना को केंद्र सरकार प्राथमिकता दे रही है और इसमें वित्त संबंधी कोई कमी आड़े नहीं आने दी जायेगी। साथ ही अशोक गहलोत ने बताया कि राज्य सरकार जयपुर मेट्रो परियोजना के पहले चरण को जून, 2013 तक पूरा करना चाहती है। इसके लिये केंद्र से 20 प्रतिशत इक्विटी अंशदान के रूप में सहायता की आवश्यकता है।