उच्च न्यायालय में जल्द ही एक ऑनलाइन सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके तहत किस कोर्ट में कौन से नंबर का मुकदमा चल रहा है उसकी जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी। हालांकि यह व्यवस्था कब से शुरू होगी यह अभी स्पष्ट नहीं किया गया है। लेकिन इसके प्रथम चरण की शुरूआत भी हो चुकी है और हाईकोर्ट परिसर में इसके लिए 18 स्क्रीन लगाए गए हैं।
हर कोर्ट के अंदर और बाहर स्क्रीन लगाए गए हैं। साथ ही हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर की लाइब्रेरी में भी इसी तरह की एक स्क्रीन लगाई गई है। एलईडी स्क्रीन वाले इस सिस्टम पर 57 लाख रूपए का खर्च आया है। जोधपुर में अभी यह व्यवस्था शुरू नहीं हुई है। इस सिस्टम से सबसे अधिक राहत वकीलों को मिलेगी। वे हाईकोर्ट में किसी एक कोर्ट में बैठकर स्क्रीन पर यह देख सकेंगे कि किस कोर्ट में कौन से नंबर का मुकदमा चल रहा है। अगले चरण में यही व्यवस्था ऑनलाइन किए जाने की तैयारी है।
मुख्य न्यायाधीश अरूण मिश्रा ने हाईकोर्ट में इसके प्रथम चरण के सिस्टम की शुरूआत की। यह सिस्टम वरिष्ठ न्यायाधीश नरेंद्र कुमार जैन और न्यायाधीश मोहम्मद रफीक की समिति की निगरानी में तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त एसएमएस से भी यही सुविधा दिया जाना प्रस्तावित है। आप एसएमएस से भी हर कोर्ट का हाल जान सकेंगे।