जोधपुर की एक स्थानीय अदालत ने वेब सीरीज ‘आश्रम’ में हिंदू संतों को गलत तरीके से दिखाने को लेकर निर्माता प्रकाश झा और अभिनेता बॉबी देओल को नोटिस देकर जवाब मांगा है। इस वेब सीरीज में बॉबी देओल मुख्य भूमिका में हैं और उन्होंने कुछ ऐसे स्वयंभू संतों के समान काम किया है, जो इन दिनों जोधपुर सहित देश के विभिन्न जेलों में बंद हैं।
जोधपुर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविंद्र जोशी ने इस मामले की सुनवाई 11 जनवरी को करने का फैसला किया है। वेब सीरीज आश्रम के खिलाफ स्थानीय निवासी कुश खंडेलवाल ने दायर याचिका में कहा है कि इसमें एक सजायाफ्ता संत से मिलते-जुलते नाम का इस्तेमाल किया गया है। याचिका में कहा गया है कि देओल के हिंदू संत के रूप में चित्रण से हिंदुओं की धार्मिक भावना आहत हुई है।