राजस्थान में NEET-2026 परीक्षा को लेकर गड़बड़ी की आशंका के बीच स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने जांच तेज कर दी है। फिलहाल अधिकारी सीधे तौर पर पेपर लीक की पुष्टि नहीं कर रहे हैं, लेकिन जांच में सामने आए तथ्यों ने एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
SOG के एडीजी विशाल बंसल ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि गैस पेपर आया है। यह गैस पेपर व्हाट्सएप पर आया और फोटोकॉपी की दुकान पर मिला। उन्होंने कहा कि इसकी जांच चल रही है।
इधर NEET की परीक्षा आयोजित करवाने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी करते हुए बताया कि 7 मई की शाम को उसे परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़ी कुछ शिकायतें और इनपुट मिले थे। इसके बाद 8 मई की सुबह ही ये जानकारी जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दी गई।
जानकारी के अनुसार परीक्षा से एक दिन पहले छात्रों के बीच एक “गेस पेपर” वायरल हुआ था। जांच में सामने आया कि उस गेस पेपर के करीब 125 सवाल असली परीक्षा में पूछे गए सवालों से मेल खाते रहे थे। इसी के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।
यह भी पढें-
IMD Rajasthan: राजस्थान में आज 6 जिलों में आंधी-बारिश के आसार, पश्चिमी जिलों में हीटवेव का कहर जारी
SOG अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गेस पेपर कहां से आया, किसने तैयार किया और आखिर इतने सवाल असली पेपर से कैसे मैच हो गए। मामले में अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
जांच के दौरान SOG की टीमें सीकर पहुंचीं, जहां कई हॉस्टलों में छात्रों और युवकों से पूछताछ की गई। अधिकारियों ने मोबाइल फोन, चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी खंगाले हैं। बताया जा रहा है कि 2 मई की रात, यानी परीक्षा से ठीक एक दिन पहले, कुछ छात्रों तक यह गेस पेपर पहुंचाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, परीक्षा वाले दिन ही कुछ छात्रों ने सीकर के उद्योग नगर थाने में शिकायत भी दी थी। छात्रों का आरोप था कि कुछ लोगों के पास पहले से ऐसा गेस पेपर था, जिसमें परीक्षा में आए कई सवाल मौजूद थे। हालांकि उस समय स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।