अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान नीलोफर के सुस्त होने से राजस्थान के जोधपुर सहित पूरे मारवाड़ में तेज बारिश की आशंका को लगभग विराम लग गया है।
जयपुर स्थित मौसम विभाग के कार्यालय ने संभावना जताई है कि नीलोफर राजस्थान में प्रवेश करने से पहले ही खत्म हो जाएगा। यह तूफान शुक्रवार देर रात गुजरात से टकराएगा, तब इसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घण्टा के करीब रहेगी।
हालांकि राजस्थान में इसके असर से दक्षिणी पश्चिमी हिस्सों में बारिश होगी, लेकिन तूफान या तेज बारिश जैसी स्थितियां नहीं बनेंगी। राजस्थान के पश्चिमी हिस्से मारवाड़ में सुबह से बादल आना शुरू हो गए, जो दोपहर बाद तक पूरे राजस्थान पर छा गए।
इधर, राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण भी बादल छा रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण भी राजस्थान में कुछ हिस्सों में बारिश होगी। नीलोफर और पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बनने से राजस्थान में सुबह शाम थोड़ी सर्दी का अहसास बढ़ गया है।