नागौर जिले के जसनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। सोमवती अमावस्या पर पुष्कर सरोवर में स्नान और दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की इक्को कार लूणी नदी की रपट के पास एक निजी बस से भिड़ गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान इक्को कार सामने से आ रही बस की चपेट में आ गई। जोरदार टक्कर के बाद कार सड़क पर पलट गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मासूम की भी नहीं बची जान
दुर्घटना में करौली जिले के निवासी एक महिला, एक पुरुष और एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जसनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
धार्मिक यात्रा पर निकला था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, कार में एक ही परिवार के आठ सदस्य सवार थे। सभी करौली के निवासी हैं और जैतारण क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करते हैं। परिवार के सदस्य धार्मिक यात्रा पर पुष्कर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन गया।
ये भी पढ़ें:
क्या पंचायत चुनाव टालने तैयारी हो गई? 31 जुलाई की डेडलाइन पर BJP नेता के बयान से क्यूं मचा बवाल
क्या बोले थानाधिकारी?
जसनगर थानाधिकारी भारमल चौधरी ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायलों का उपचार जारी है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।