फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan News: कारोबारी को जिम में घुसकर गोली मारी, हत्या के बाद फैली दहशत, रोहित गोदारा गैंग से मिली थी धमकी

Tue, 07 Oct 2025 11:38 AM IST
प्रिया वर्मा न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, नागौर

सार

आज सुबह शहर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि ये फायरिंग छह महीने पहले रोहित गोदारा गैंग से मिली धमकी का परिणाम हो सकती है।
विज्ञापन
कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मंगलवार सुबह शहर के स्टेशन रोड स्थित जिम में एक्सरसाइज कर रहे बाइक शोरूम मालिक रमेश रुलानिया (45) की अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घायल रमेश को तुरंत जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस को संदेह है कि यह हत्या छह माह पहले मिली रंगदारी की धमकी से जुड़ी हो सकती है।

विज्ञापन


घटना मंगलवार सुबह पांच बजे के आसपास की बताई जा रही है। रमेश जिम में अपनी दैनिक कसरत कर रहे थे, तभी दो-तीन बाइक सवार संदिग्ध युवक जिम में घुसे और बिना किसी चेतावनी के उन पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाशों ने कम से कम पांच-छह राउंड फायर किए, जिसमें दो गोलियां रमेश के सीने और पेट में लगीं। हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

विज्ञापन


रमेश रुलानिया कुचामन के प्रमुख व्यापारी थे। उनके पास शहर में होंडा बाइक शोरूम और हनुमानगढ़-किशनगढ़ मेगा हाईवे पर कुचामन बाइपास स्थित एक होटल था। वे भाजपा से भी जुड़े हुए थे और पार्टी के सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनकी हत्या ने राजनीतिक हलकों में भी बवाल मचा दिया है। जिला भाजपा अध्यक्ष ने इसे संगठित अपराध करार देते हुए तत्काल जांच की मांग की है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रमेश को छह माह पहले रोहित गोदारा गैंग से रंगदारी की धमकी मिली थी। गैंग ने रमेश समेत पांच प्रमुख व्यापारियों को लाखों रुपये की मांग के साथ धमकी दी थी। रमेश ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस कार्रवाई सीमित रही।

ये भी पढ़ें: Rajasthan News: अजमेर में आजाद समाज पार्टी का धर्मांतरण विरोधी बिल के खिलाफ प्रदर्शन, असंवैधानिक करार दिया

घटना के बाद व्यापारिक समुदाय में रोष व्याप्त है। कुचामन व्यापार मंडल ने तत्काल प्रभाव से पूरे शहर बंद रखने का ऐलान किया। बुधवार को सभी दुकानें, शोरूम और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। बंद के दौरान व्यापारी जिला कलेक्ट्रेट पर धरना देंगे और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। डीडवाना-कुचामन जिले की पुलिस अधीक्षक रिचा तोमर सहित उच्च अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। फॉरेंसिक टीम ने खून के धब्बे, गोली के खाली कारतूस और सीसीटीवी फुटेज बरामद किए हैं। एसपी तोमर ने बताया कि यह अंधाधुंध फायरिंग का मामला है। हमलावरों की पहचान जल्द ही की जाएगी और गोदारा गैंग से जुड़े एंगल पर जांच की जा रही है। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

कुचामन जिले के निवासियों और व्यापारियों ने मांग की है कि अपराध पर अंकुश लगाया जाए। घटना के बाद कस्बे में सन्नाटा छा गया और लोग घरों में कैद हैं। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन




जिम में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फायरिंग सुबह 5:10 से 5:17 बजे तक चली। हमलावर सफेद कपड़े पहने थे और घटना के तुरंत बाद फरार हो गए।

एसपी रिचा तोमर ने कहा कि हमने विभिन्न टीमों का गठन कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए गए हैं। जिम में मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले साल से रोहित गोदारा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लोग व्यापारियों को धमकियां दे रहे थे। पुलिस की कार्रवाई की कमी और सीमावर्ती इलाके की वजह से अपराधियों का हौसला बुलंद है। रमेश की हत्या न केवल एक व्यापारी की जान ले गई है, बल्कि पूरे समुदाय की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें