नागौर जिले में स्थित निजी स्कूल के हॉस्टल में पांचवीं कक्षा की छात्रा के साथ रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता वर्ष 2023 से इस निजी स्कूल में पढ़ाई कर रही है और स्कूल के ही हॉस्टल में रह रही है। हॉस्टल की वरिष्ठ छात्राएं लंबे समय से बच्ची को गलत तरीके से परेशान कर रही थीं और उसकी रैगिंग ले रही थीं।
वरिष्ठ छात्राओं पर प्रताड़ना का आरोप
पीड़ित छात्रा ने लगभग तीन महीने पहले पहली बार अपने पिता को वरिष्ठ छात्राओं द्वारा परेशान किए जाने की बात बताई थी। उस समय पिता ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की थी, लेकिन प्रबंधन ने केवल आश्वासन दिया और कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद से बच्ची गुमसुम रहने लगी थी। 12 सितंबर की रात को छात्रा ने अपने पिता को फोन कर जानकारी दी कि वरिष्ठ छात्राओं ने फिर से उसके साथ प्रताड़ना और मारपीट की है। 13 सितंबर को बच्ची के माता-पिता हॉस्टल पहुंचे और अपनी बेटी को घर ले जाने के लिए स्कूल से पास बनवाया।
हॉस्टल में दुर्व्यवहार और फोन छीनने का दावा
छात्रा के पिता का आरोप है कि जब वे हॉस्टल वार्डन से बात करने पहुंचे तो वहां मौजूद एक महिला स्टाफ ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपी स्टाफ ने परिजनों को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया।परिजनों ने इसके बाद स्कूल के प्रधानाचार्य के पास जाकर शिकायत की। प्रधानाचार्य ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजनों का कहना है कि वे इससे पहले भी तीन-चार बार स्कूल प्रबंधन से शिकायत कर चुके थे, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
ये भी पढ़ें-
कौन हैं 21 साल की कीर्ति?: जिनका प्रशासनिक सेवा में जाने का था सपना, अब बनीं सबसे कम उम्र की पालिका अध्यक्ष
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पिता ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। पिता ने पुलिस से मांग की है कि स्कूल के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जाए, क्योंकि पूरी घटना स्कूल के कैमरों में कैद है।इस मामले में मेड़ता डीएसपी रामकरण मलिंडा ने बताया कि पीड़ित पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।