नागौर में राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा के पहले ही दिन अव्यवस्था का मामला सामने आया। शहर के कांकरिया स्कूल परीक्षा केंद्र पर रविवार सुबह परीक्षा शुरू होने से पहले पुलिस और स्कूल स्टाफ के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे परीक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई और अभ्यर्थियों को परेशानी उठानी पड़ी।
मोबाइल और वाहनों की एंट्री को लेकर टकराव
जानकारी के अनुसार, परीक्षा का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित था, जबकि अभ्यर्थियों की एंट्री सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक तय की गई थी। इसी दौरान करीब 9:00 बजे पुलिस प्रशासन और स्कूल स्टाफ के बीच मोबाइल, बैग और वाहनों की एंट्री को लेकर विवाद शुरू हो गया। पुलिस दिशा-निर्देशों के अनुसार रोक लगा रही थी, जबकि स्कूल स्टाफ लिखित आदेश की मांग पर अड़ा रहा।
करीब 20 मिनट तक रुकी एंट्री, बाहर इंतजार करते रहे अभ्यर्थी
इस खींचतान के चलते अभ्यर्थियों की एंट्री करीब 20 मिनट तक रोक दी गई, जिससे सैकड़ों परीक्षार्थियों को केंद्र के बाहर इंतजार करना पड़ा। कई अभ्यर्थी समय पर परीक्षा में शामिल होने को लेकर चिंतित दिखाई दिए। इस दौरान यह आरोप भी सामने आए कि कुछ परीक्षक और स्टाफ स्वयं मोबाइल और हैंड बैग के साथ अंदर प्रवेश कर गए।
एक घंटे तक चला विवाद, माहौल रहा तनावपूर्ण
मौके पर मौजूद कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान और साइबर थाना प्रभारी धरम पुनिया ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन स्कूल स्टाफ अपनी मांगों पर कायम रहा। दोनों पक्षों के बीच करीब एक घंटे तक बहस चलती रही, जिससे परीक्षा केंद्र का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
पढ़ें- Rajasthan: श्रीगंगानगर बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, ड्रोन से आई 12 किलो हेरोइन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
समझौते के बाद शुरू हुई एंट्री
आखिरकार स्कूल स्टाफ की शर्तों पर समझौता हुआ और अभ्यर्थियों की एंट्री दोबारा शुरू की गई। स्टाफ को मोबाइल और वाहन परिसर में ले जाने की अनुमति मिलने के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि इस घटनाक्रम ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंपालाल जीगर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस और परिवेशकों के बीच समन्वय कराते हुए अभ्यर्थियों को प्रवेश दिलवाया, जिसके बाद परीक्षा प्रक्रिया सामान्य हो सकी।