खनन माफिया के गुर्गों ने सरकारी टीम पर किया पथराव (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : AI Image- Freepik
राजस्थान के नागौर जिले में अवैध खनन माफिया की बेखौफी एक बार फिर सामने आई है। जिले के मुंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बू-नरावता (बुनरावता) गांव में चिनाई पत्थर के अवैध खनन को रोकने पहुंची संयुक्त टीम पर माफिया ने खौफनाक हमला कर दिया। हमलावरों ने सरकारी वाहनों को टक्कर मारने की कोशिश की, बड़ी संख्या में पत्थर फेंके और टीम को जान से मारने की धमकी दी। यह घटना अवैध खनन माफिया की बढ़ती हिम्मत को उजागर करती है, जहां 2500 बीघा से अधिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध माइनिंग हो रही थी।
खनिज और पुलिस टीम पर जमकर पथराव
खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को अवैध खनन की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। टीम में तहसीलदार बुधाराम सोहू, खनिज विभाग के प्रेमसुख फोरमैन और पुलिस के हेड कांस्टेबल प्रेमप्रकाश सहित अन्य जवान शामिल थे। टीम पहुंचते ही अवैध खनन में लगे लोग इधर-उधर भाग गए। टीम ने मौके का जायजा लिया और कुछ देर बाद वापस लौटने लगी।
लेकिन करीब सवा घंटे बाद माफिया के गुर्गे बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर लौट आए। उन्होंने कैम्पर और अन्य वाहनों से सरकारी गाड़ियों को टक्कर मारने की कोशिश की और खनिज-पुलिस टीम पर जमकर पथराव किया। हमले की सूचना पर एसडीएम और सीआई सुरेश चौधरी मय जाब्ते मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें- Kota: कोटा-झालावाड़ हाईवे पर पलटी यात्री बस, आधा दर्जन घायल, कोहरे और तेज रफ्तार से बिगड़ा संतुलन
मौके से डंपर, जेसीबी और मोटरसाइकिलें जब्त
टीम ने मौके से एक डंपर, एक जेसीबी मशीन और 9 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। मुंडवा थाने में खनिज विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कछावा ने मामले की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, यह कानून व्यवस्था पर सीधा हमला है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने अवैध खनन के खिलाफ चल रही मुहिम को और तेज करने के संकेत दिए। राजस्थान में अवैध खनन की समस्या लंबे समय से चली आ रही है, जहां माफिया न केवल सरकारी राजस्व को चूना लगा रहे हैं बल्कि पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।