जयपुर से दस दिन पहले आईएसआईएस के एजेंट के रूप में पकडे मोहम्मद सिराजुद्दीन के पिता मोहम्मद सरवर का कहना है कि उनके बेटे को इस मामले में गलत फंसाया गया हैं। वह वतन परस्त आदमी है और जिस तरह उसे इस मामले में फंसाया गया है, उससे उनका परिवार सदमे में है।
उनकी ओर से सोमवार को कोर्ट में सिराज की रिहाई के लिए याचिका दायर की जाएगी। जयपुर में जमाते इस्लामी हिंद और कुछ मानवाधिकार संगठन भी सिराज के समर्थन में आ गए है और उन्होंने एटीएस की गिरफ्तारी को पूरी तरह गलत बताया है।
सिराज की गिरफ्तारी के बाद उसके पिता रविवार को पहली बार मीडिया के समक्ष आए। उन्होंने यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि वे सिराज से शनिवार को करीब आधा घंटे मिले हैं और उसने बातचीत में साफ कहा है कि वह पूरी तरह निर्दोष है और उसका आईएसआईएस से कोई सम्बन्ध नहीं है।
नहीं है ISIS से कोई संबंध
मोहम्म्द सरवर ने कहा कि ऐसा कोई अपराध नही किया है जो देश के खिलाफ हो। उन्होंने कहा कि सिराज पढा लिखा है और इस्लाम की तरफ उसका झुकाव है और शायद इसी की सजा उसे मिली है। उसने इंटरनेट पर इस्लाम को ले कर लिखा है, लेकिन उसका आईएसआईएस से कोई सम्बन्ध नहीं है।
सरवर ने कहा कि सोमवार को सिराज की कोर्ट में पेशी है और उनकी ओर से उसकी रिहाई के लिए याचिका पेश की जाएगी। उनके वकील का कहना है कि सिराज की एफआईआर के आधार पर तो कोई केस बनता ही नहीं है।
सिर्फ सोशल मीडिया पर चैटिंग से किसी को ऐसे आरोप में नहीं फंसाया जा सकता है। ऐसे में कल कोर्ट में केस खत्म करने की अपील के साथ ही हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की जाएगी।
ये देश को इस्लाम मुक्त बनाना चाहते हैं
जमाते इस्लामी हिन्द के राष्ट्रीय मंत्री मोहम्मद सलीम इंजीनियर का आरोप है
कि हम आईएसआईएस के खिलाफ है, लेकिन हो यह रहा हे कि जो मुस्लिम उंचे पद
पर है ओैर इस्लाम में झुकाव रखते हैं, उन्हें दहशतगर्द बता दिया जाता है।
उन्होंने पुलिस और जांच एजेंसियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश को
कांग्रेस मुक्त बनाने का दावा करने वाले देश को इस्लाम मुक्त बनाना चाहते हैं।
उन्होने कहा कि अभी सिर्फ जांच चल रही है, जबकि एटीएस ने मीडिया सिराज
को एजेंट घोषित कर दिया जो पूरी तरह गलत है।