ट्रैक्टर चलाकर सभा तक पहुंचे बेनीवाल
- फोटो : Social Media
तेजाजी महाराज का इतिहास 1000 साल पुराना
बेनीवाल ने कहा, विधानसभा में भी तेजाजी महाराज का नारा उन्होंने ही लगाया था। इसके बाद लोकसभा में भी जब उन्होंने तेजाजी महाराज का जयकारा लगाया, तब कई सांसदों ने उन्हें तेजाजी महाराज के बारे में पूछा। बेनीवाल ने कहा, राजस्थान में अन्य लोक देवताओं का इतिहास तो 400 से 500 साल पुराना है। लेकिन तेजाजी महाराज का इतिहास करीब 1000 साल पुराना है। जो 1000 साल पहले भी गायों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ते थे।
सांसद बेनीवाल ने पिछले साल हुए कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा, जब पिछले साल इसी परिसर में एक लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे, जिसमें युवा और महिलाओं सहित सभी लोग शामिल थे। उन्होंने नेताओं को एहसास दिला दिया था कि आज अगर वह सत्ता में बैठे हैं तो इनकी वजह से ही बैठे हैं। हनुमान बेनीवाल ने कहा, किसान के बेटे आज हर क्षेत्र में आगे हैं। जो अपने आप को गौरवान्वित महसूस करते हैं कि उन्होंने हनुमान बेनीवाल को मजबूत किया। जो आज उनके हित की लड़ाई लड़ रहा है।
बेनीवाल ने कहा, तेजाजी महाराज ने जिस तरह अपना वचन निभाया। जब तीनों कृषि कानून आए तब मंत्री पद को छोड़कर हनुमान बेनीवाल 70 दिनों तक की जयपुर दिल्ली हाईवे पर बैठकर किसानों और युवाओं के लिए लड़ता रहा।
तेजाजी महाराज की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में बेनीवाल
- फोटो : Social Media
जोधपुर में रैली कर केंद्र सरकार को चेतावनी दी
बेनीवाल ने कहा कि जब केंद्र सरकार सेना भर्ती के लिए अग्निपथ योजना लेकर आई। इसके विरोध में कोई भी सांसद या विधायक नहीं बोला। हनुमान बेनीवाल ने ही जोधपुर में ही रैली की थी, जिसमें दो लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। केंद्र सरकार को चेतावनी देने वाला केवल हनुमान बेनीवाल ही था। जो लोग गौमाता के नाम पर वोट मांगकर राजनीति करते हैं। लंपी बीमारी से जब गौमाता ही खत्म हो जाएगी तो फिर किस बात की राजनीति करेंगे।
बेनीवाल ने कहा, प्रदेश में अपराध इस कदर बढ़ चुका है कि बेरोजगार नौकरी नहीं मिलने और किसान कर्ज के तले डूब कर आत्महत्या कर रहा है। वहीं सीकर में न्याय दिलाने वाले एक वकील का न्याय से भरोसा उठा तो उसने आत्मदाह कर लिया। बेनीवाल ने कहा, वकील को न्याय दिलाने के लिए सभी किसान एकजुट हुए, जिसका नतीजा निकला कि वकील के परिवार को न्याय मिला भी है। बेनीवाल ने कहा, राजस्थान में किसानों की इतनी बड़ी आबादी है फिर भी इनकी वीसीआर भर दी जाती है। झूठे मुकदमे दर्ज किए जाते हैं और जब वह न्याय के लिए पुलिस और अधिकारियों के पास जाते हैं तो वह उनसे इस तरीके से बर्ताव करते हैं कि जैसे उन अधिकारियों और पुलिस को लोकतांत्रिक तरीके से चुना गया हो।
बेनीवाल ने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि साल 2023 में हमें सत्ता पर कब्जा करना है और राजस्थान को भयमुक्त, टोल मुक्त बनाना है। इसकी शुरुआत शेखावाटी से ही होगी। सांसद ने कहा, कुछ लोग कहते हैं कि हनुमान बेनीवाल केवल एक कौम विशेष का साथ देते हैं तो ऐसे में मैं उन्हें कहना चाहता हूं कि राजस्थान में जब भी किसी भी कौम के साथ कोई अन्याय हुआ हो तब हनुमान बेनीवाल हमेशा न्याय की लड़ाई में आगे रहा। हाल ही में जालौर में हुए घटनाक्रम में भी बेनीवाल ने काफी संघर्ष किया।