प्रदर्शन करते सांसद मीण के समर्थक।
- फोटो : Amar Ujala Digital
राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा को आज गंगापुरसिटी में पुलिस ने उसे वक्त हिरासत में ले लिया। वे अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की जनसभा में जाने का प्रयास कर रहे थे।
डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ आज गंगापुर सिटी पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की जनसभा में जाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा को गंगापुरसिटी के फव्वारा चौक पर रोक दिया। पुलिस डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा के काफिले को रोकने पर किरोड़ी लाल मीणा आक्रोशित हो गए। इस दौरान उनके समर्थकों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई और उन्होंने सीएम की जनसभा में ज्ञापन देने के लिए जाने का प्रयास किया। मजबूरन पुलिस को डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा को हिरासत में लेना पड़ा। साथ ही उनके समर्थकों को भी हिरासत में लिया।
सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा का कहना है कि वे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जनसभा के दौरान ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उनको जाने नहीं दिया। डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पांचना बांध का पानी खोलने, भाजपा की परिवर्तन यात्रा को रोके जाने को लेकर दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पिछले दोनों केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के गंगापुर सिटी दौरे के दौरान गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा और उनके समर्थकों द्वारा दिखाए गए काले झंडे को लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करना चाहते थे।
पुलिस ने उन्हें मुख्यमंत्री को ज्ञापन नहीं देने दिया और फव्वारा चौक पर ही रोक दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस जबरन उन्हें हिरासत में लेकर अपने साथ बिठाकर ले गई। साथ ही उनके सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ज्ञापन देने के लिए भरसक प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा को किसी भी कीमत पर आगे नहीं बढ़ने दिया और हिरासत में ले लिया।