राजस्थान के बाडमेर जिले में उस समय दहशत फैल गई जब खुदाई के दौरान वहां 12 से ज्यादा बम मिले। बम मिलने के बाद से पूरे इलाके में भय व्याप्त है। मौके पर सेना के बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है।
बाडमेर शहर में लक्ष्मीनगर आकाशवाणी के पास स्थित बॉर्डर होमगार्ड कार्यालय में स्टेडियम निर्माण कार्य के लिये मैदान में सफाई कार्य शुरू किया गया। इस दौरान मजदूरों को वहां एक बम मिला। तब उन्होंने उस जगह के आसपास भी खुदाई की तो 12 से भी ज्यादा बम मिले।
इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलसि ने जल्द ही कार्रवाई करते हुये सेना के अधिकारियों को सूचना दे दी है। एजेंसी के अनुसार कोतवाली थाना के कार्यवाहक थानाधिकारी महेश श्रीमाली ने बताया कि बमों को निष्क्रिय करने के लिए सेना के बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है।
बम मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस परिसर के पीछे केवल 20 मीटर की दूरी पर सैकडों परिवारों के घर बसे हैं। इससे पहले बाडमेर के सीमावर्ती इलाकों में ऐसे मामले सामने आते रहे हैं लेकिन इन दिनों बाडमेर शहर में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन्होंने वहां के निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है।