राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द मोदी के जमीन से जुडे भाषण पार्टी को आम जनता से जोड़ेंगे और आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को भारी बहुमत मिलेगा।
वसुंधरा राजे ने नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से बात करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता हवा में बातें करते है जबकि मोदी का आज का भाषण जमीन से जुडा हुआ था और उनके भाषण की यह खूबी हमें आम जनता से जोडेगी और लोकसभा चुनावों में पार्टी को भारी बहुमत मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखकर उन्होंने मिशन-25 का लक्ष्य रखा है।
राजस्थान की जनता के प्यार एवं आशीर्वाद के साथ ही भाजपा के काम, नीतियों एवं विचारों के दम पर सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा इतिहास रचेगी।
अधिवेशन में भाजपा के प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी ने वसुंधरा राजे की सराहना करते हुये कहा कि राजस्थान विधानसभा चुनावों में भाजपा को ऐसी जीत न कभी मिली है और न मिलेगी।
उन्होंने वसुंधरा राजे को इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय देते हुये कहा कि राजस्थान में अपनाई गई चुनाव रणनीति टिकटों का वितरण और बूथ स्तर पर किये गये प्रबंधन आदि एक मिसाल रहे है और चुनाव प्रबंधन की इस प्रक्रिया को पार्टी में सभी ने एक मॉडल के रूप में माना है और इसे आगामी लोकसभा चुनावों में भी सभी जगह अपनाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।