कांग्रेस विधायक बाबूलाल बैरवा ने स्वास्थ्य मंत्री परसादीलाल मीणा और पीएचईडी मंत्री महेश जोशी पर जातिवादी भेदभाव का बड़ा आरोप लगाया है। बैरवा ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कह दिया कि मैं दलित विधायक हूं, इसलिए दोनों मंत्री जोशी और मीणा मेरे विधानसभा क्षेत्र के काम नहीं करते। उन्होंने कहा वह चार बार चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन सीनियर होने का भी ख्याल नहीं रखा जा रहा।
मंत्री परसादी लाल मीणा का पुत्र स्वास्थ्य विभाग चला रहा, पीएचईडी मंत्री महेश जोशी दे रहे झांसा
विधायक बैरवा ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र कठूमर में सरकारी अस्पताल नहीं खोला गया, न ही सब सेंटर ही खोला गया। वहां डॉक्टरों के पद खाली पड़े हैं। कई बार सीएम अशोक गहलोत और प्रभारी मंत्री को भी बोला, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। बैरवा बोले कि स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा का पुत्र ही सारा विभाग चलाता है और पीएचईडी मंत्री महेश जोशी भी मुझे सिर्फ झांसा दे रहे हैं।
मैं दलित समाज से आता हूं, इसलिए मंत्री मेरे काम नहीं करते
विधायक बैरवा बोले कि मुझे लगता है कि मैं दलित समाज से आता हूं, इसलिए मंत्री मेरे काम नहीं करते हैं। मैं तो परसादी लाल मीणा से भी सीनियर हूं। उनसे पहले विधायक बन गया था। मैंने मेरे पुत्र बोर्ड उपाध्यक्ष अवधेश दिवाकर को भी उनके पास भेजा था, तब उसे भी भगा दिया गया। इससे पहले जब रघु शर्मा चिकित्सा मंत्री थे, तब उन्होंने भी मेरे काम नहीं किए थे। बाद में जब मैंने अपनी आवाज उठाई, तो रघु अगले दिन ही सरेंडर हो गए थे।
हर विधायक को साल में 40 हैंडपंप मिलते हैं, मेरे क्षेत्र में आठ भी नहीं दिए
कांग्रेस विधायक बाबूलाल बैरवा पीएचईडी मंत्री महेश जोशी पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कठूमर में जलदाय विभाग के एक्सईएन का नया ऑफिस खोला गया, लेकिन अब भी वहां कुछ नहीं हुआ है। मैं मंत्री जोशी से भी कई बार मिला, उनसे सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। बैरवा ने कहा कि हर विधायक को हर साल 40 हैंडपंप मिलते हैं, लेकिन मेरे क्षेत्र में तो आठ हैंडपंप भी नहीं दिए। सीएम अशोक गहलोत ने पिछले बजट में इसकी घोषणा की थी, लेकिन अब तो नया बजट आने वाला है।
गहलोत और पायलट एक नहीं हुए, तो कांग्रेस को बहुत नुकसान उठाना पड़ेगा
सचिन पायलट खेमे के विधायक बाबूलाल बैरवा ने कहा कि सीएम अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट अगर एक नहीं हुए तो कांग्रेस को चुनाव में बहुत नुकसान उठाना पड़ेगा। दोनों के एक साथ होने से ही कांग्रेस की सरकार बन पाएगी। उन्होंने कहा हमारी सरकार के खिलाफ भले ही माहौल नहीं हो, लेकिन एक कौम पूरी तरह से सचिन पायलट के साथ है और वह मुझे भी वोट देती है।