धौलपुर जिले के सैपऊ थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव में मौजूद पेट्रोल पंप पर आधा दर्जन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इससे पंप पर हड़कंप मच गया। गाड़ियों में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे उपभोक्ता जान बचाकर भागने गले। कुछ देर बात बदमाश पंप कर्मचारी से 21 हजार की नगदी लूट कर फरार हो गए। वारदात के पीछे का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।
पेट्रोल पंप संचालक अभी छारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर के बाद दो बाइकों पर आधा दर्जन बदमाश हथियारों के साथ आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से पेट्रोल-डीजल लेने आए उपभोक्ता डर गए और इधर उधर भाग गए। पंप कर्मचारियों ने भी यहां-वहां छिपकर जान बचाई। पंप संचालक का आरोप है कि घटना को मोनी जाट, उसके भाई राजेश जाट और उसके गुर्गों ने अंजाम दिया है। इससे पहले भी ये बदमाश पंप पर मारपीट और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पेट्रोल पंप संचालक ने कहा कि आरोपी 18 नवंबर से अब तक चार बार मारपीट और फायरिंग की घटना को अंजाम दे चुका है।
सीओ बाबूलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस द्वारा बदमाशों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एएसआई राजेश सिंह ने बताया कि घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हाल ही में मोनी जाट को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके गुर्गे कल्याण ठाकुर, अजीत ठाकुर, प्रबल प्रताप और कल्ला समेत अन्य की तलाश की जा रही है।