राजस्थान की गहलोत सरकार में मंत्री ममता भूपेश को विधानसभा चुनाव की चिंता सताने लगी है। दौसा जिले में आयोजित महिलाओं के सावन उत्सव कार्यक्रम में मंत्री ममता ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की एक बार नौकरी लगने के बाद 60 साल तक पास फेल होने की फिक्र नहीं रहती, जबकि मेरी परीक्षा तो हर 5 साल में होती है। अब पता नहीं पास होऊंगी की फेल। इस बात का पता तो विधानसभा चुनाव के बाद ही हो पाएगा।
दरअसल, दौसा के सिकराय में बुधवार को महिलाओं के सावन उत्सव कार्यक्रम में मेहंदी, रस्सा कस्सी सहित एक दर्जन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला और बाल विकास मंत्री ममता भूपेश शामिल रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि प्रतियोगिताओं से महिलाओं में आत्मविश्वास के समावेश के साथ, समन्वयता सौहार्द में बढ़ोतरी होती है। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से महिलाओं से विधानसभा चुनाव में उन्हें पास कराने की अपील भी की।
कार्यक्रम में प्रतियोगिता में विजेता टीमों को पुरस्कार वितरण किए गए। विभिन्न कार्यक्रम में महिलाओं में उत्साह से भाग लिया। इस दौरान जिला प्रमुख हीरा लाल सैनी, पूर्व प्रधान बादाम देवी, चंचल कसाना समेत कई कांग्रेसी मौजूद रहे।