हंदवाड़ा मुठभेड़ में शहीद कर्नल आशुतोष
- फोटो : साकिब नबी
जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में शहीद हुए कर्नल आशुतोष शर्मा के भाई पियूष शर्मा ने देशवासियों से अनुरोध किया है कि 17 मई, आशुतोष शर्मा की तेरहवी के दिन शाम सात बजे अपने घर में दीया या मोमबती जलाकर इस वीर योद्धा को श्रद्धांजलि अर्पित करें।
कर्नल आशुतोष शर्मा आतंकियों के खिलाफ हंदवाड़ा में ऑपरेशन को लीड कर रहे थे। शहीद कर्नल आशुतोष इससे पहले भी ऐसे कई ऑपरेशन लीड कर चुके थे। उन्हें वीरता के लिए दो गैलेंट्री अवॉर्ड भी मिल चुके थे।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष शर्मा, 21-राष्ट्रीय राइफल्स की कमान संभाल रहे थे। 21-राष्ट्रीय राइफल्स हंदवाड़ा इलाके में सुरक्षा करती है। शहीद आशुतोष पिछले पांच सालों में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में अपनी जान गंवाने वाले कर्नल रैंक के पहले कमांडिंग अफसर थे।