सार
राजस्थान में वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2024 के 1,644 चयनित अभ्यर्थियों को राहत मिली है। डाइट में 6 जुलाई से 18 अगस्त तक चले 44 दिन के ओरिएंटेशन कार्यक्रम को सेवाकाल में शामिल किया गया है। पहली नियुक्ति तिथि 6 जुलाई मानी जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय राजस्थान
- फोटो : अमर उजाला
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2024 में चयनित प्रदेशभर के 1,644 अभ्यर्थियों को राहत दी है। निदेशालय ने जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में आयोजित 44 दिन के ओरिएंटेशन कार्यक्रम की अवधि को सेवाकाल में शामिल करने के स्पष्ट आदेश जारी किए हैं। इसके बाद चयनित सभी वरिष्ठ अध्यापकों की प्रथम नियुक्ति तिथि 6 जुलाई निर्धारित की गई है और उन्हें इसी तिथि से सभी परिलाभ मिलेंगे।
तैनाती से पहले ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भेजा गया
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को स्कूलों में पदस्थापन से पहले संबंधित संभाग के डाइट कार्यालयों में भेजा गया था। अभ्यर्थियों ने 6 जुलाई से 18 अगस्त तक 44 दिन के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद 18 अगस्त को प्रदेश के सभी संयुक्त निदेशकों ने स्कूल आवंटन के आदेश जारी किए और अभ्यर्थियों को संबंधित स्कूलों में पदस्थापन के लिए भेजा गया। स्कूलों में कार्यग्रहण करने के बाद कई स्कूल प्रशासन ने उनकी पदस्थापन तिथि 19 अगस्त दर्ज कर दी। इससे डाइट में बिताए गए 44 दिनों को सेवाकाल में शामिल करने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी।
पढे़ं: जोधपुर जेल की बैरक में कैसे पहुंचा मोबाइल?: हिस्ट्रीशीटरों की पूड़ी पार्टी का वीडियो वायरल, देखें वीडियो
शिक्षक संघ ने उठाया मामला
इस मामले को शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा), राजस्थान ने प्रमुखता से उठाया। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने शिक्षा मंत्री और माध्यमिक शिक्षा निदेशक से 44 दिन की अवधि को सेवाकाल में शामिल करने का अनुरोध किया।
इसके बाद माध्यमिक शिक्षा, बीकानेर के जिला शिक्षा अधिकारी (नियुक्ति) अरविंद व्यास ने संयुक्त निदेशक, जयपुर को लिखित आदेश जारी किए। आदेश में चयनित अभ्यर्थियों की प्रथम नियुक्ति तिथि और परिलाभ 6 जुलाई से निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फैसले के बाद प्रदेश के 1,644 चयनित वरिष्ठ अध्यापकों की 44 दिन की सेवा अवधि को लेकर बना असमंजस खत्म हो गया है।