महारानी कालेज के हॉस्टल में आत्म हत्या करने वाली छात्रा कोमल प्रजापत के माता—पिता सोमवार को राज्य महिला आयोग में पहुंचे और कई गंभीर आरोप लगाए। आयोग को दी गई शिकायत में उन्होंने कहा है कि हॉस्टल और कॉलेज प्रशासन इस गंभीर मामले को दबाने में जुटा हुआ है।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी पर कई तरह से दबाव बनाया गया जिसके चलते वह आत्महत्या के लिए मजबूर हुई। उन्होने कहा कि हॉस्टल में रह रही कई छात्राएं नशे की आदी हैं और यह बात उन्हें खुद कोमल ने बताई थी। कोमल पहले भी इससे परेशान होकर छात्रावास में अपना कमरा बदलने के लिए प्रार्थना पत्र लगा चुकी थी, लेकिन उसकी नहीं सुनी गई। परेशान होकर उनकी बेटी ने ऐसा कदम उठाया।
दूसरी तरफ यह मामला अब राजनीतिक तूल भी पकड़ता नजर आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा अध्यक्ष मधु शर्मा महारानी कालेज पहुंची। उन्होंने कालेज में कोमल की आत्महत्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कालेज की छात्राओं से भी बातचीत की।
गौरतलब है कि महारानी कालेज की छात्रा कोमल प्रजापत ने एनिबेसेंट छात्रावास में आत्महत्या कर ली थी। उसकी खुदकुशी के बाद परिजनों ने छात्रावास में गलत गतिविधियां होने का आरोप लगाते हुए छात्रावास वार्डन व प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े किए थे। इसके अगले दिन वार्डन के समर्थन में छात्राओं ने रोड जाम कर दिया था।