दौसा में सिकंदरा थाना क्षेत्र के रामगढ़ में चार बच्चों की मां के नकदी और जेवर लेकर प्रेमी संग फरार होने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पति ने दौसा पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर जल्द पत्नी को बरामद करने की मांग की है। पति ने आरोप लगाए हैं कि उसकी पत्नी को उसका प्रेमी आपत्तिजनक फोटो खींचकर ब्लैकमेल कर रहा था।
दौसा एसपी के कार्यालय पहुंचे पीड़ित पति ने प्रार्थना पत्र में बताया, 30 अप्रैल 2012 को वेल्लामुंडा निवासी नीमा देवी से उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद नीमा को अपने पति से दो बार दो-दो जुड़वा बच्चे पैदा हुए। शादी के बाद नीमा को उसके पति से चार संतान पैदा हुईं, जिनमें दो लड़कियां संतोष-सुलोचना और दो जुड़वा लड़के करण-अर्जुन हुए, जो अभी दूध पीते बच्चे हैं।
प्रार्थना पत्र में पीड़ित पति हुकमचंद ने बताया, एक महीने पहले मेरी साडू की बच्ची की शादी थी, जिसमें मेरी पत्नी नीमा भी गई हुई थी। वहां पर मेरे साडू की बेटी के देवर ने बहला-फुसलाकर मेरी पत्नी नीमा से दोस्ती कर ली और उसके मोबाइल पर बातचीत करने लग गया। वह कई बार गुपचुप तरीके से बहला-फुसलाकर मेरी पत्नी से मिलता भी था। उसके साथ शारीरिक संबंध बनाकर अश्लील फोटो मोबाइल से खींच लिए और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मेरी पत्नी को ब्लैकमेल करने लग गया।
पीड़ित पति ने बताया, करीब 15 दिन पहले मुझे पता चला तो मैंने आरोपी कृष्ण बैरवा को फोन कर मेरी पत्नी से बात नहीं करने की हिदायत दी थी। कृष्ण ने मुझे धमकी दी कि तू मेरा क्या कर लेगा। अगर तेरी पत्नी मुझसे बात नहीं करेगी तो मैं उसके आपत्तिजनक फोटो वायरल कर दूंगा और इसकी इज्जत मिट्टी में मिला दूंगा। इसके अलावा मेरे को गोली मारकर खत्म करने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बताया कि समाज में बदनामी के डर से मैंने कुछ नहीं कहा और अपने स्तर पर कृष्ण को समझाने की कोशिश करता रहा।
आठ जून को मैं मजदूरी करने के लिए जयपुर चला गया। घर पर मेरी पत्नी नीमा और बच्चे थे। मैंने 5-7 दिन पहले मेरा ई-रिक्शा बेचा था, जिसके बेचान का पैसा मेरी पत्नी के पास ही था। शाम को छह बजे मैंने घर पर फोन किया तो मेरे बच्चों ने बताया कि मम्मी बाजार जाने की कहकर गई हैं, जो अब तक नहीं आई।
पीड़ित पति ने बताया कि मैं रात को ही घर पर आ गया। फिर सिकंदरा गीजगढ़ ससुराल की रिश्तेदारी में पता किया, तो पत्नी वहां नहीं मिली। दूसरे दिन मैंने सिकंदरा थाने में मेरी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसके बाद अपने स्तर से पता किया, तो मालूम चला कि कृष्ण बैरवा मेरी पत्नी को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर ले गया है। मेरे ई-रिक्शा बेचने के सारे पैसे और मेरी मां के सोने-चांदी के जेवर और देवी-देवताओं के सोने-चांदी के जेवर भी चुराकर ले गया।
पीड़ित ने बताया कि मेरे दूध पीते बच्चे करण-अर्जुन 2 वर्ष की उम्र के हैं, जिनको छोड़कर उनकी मां चली गई। घटना के दिन से ही वह गायब है। उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में जल्द से जल्द करण-अर्जुन की मां को बरामद करने की गुहार लगाई गई है। इस मामले में समाजसेवी ओमप्रकाश घुमाना चेतावनी दी है कि 48 घंटे में पीड़ित की पत्नी और आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो जिला कलेक्ट्रेट के सामने धरना दिया जाएगा।