बारां शहर के शिवाजी नगर में शुक्रवार देर रात हुए मनीष गौतम उर्फ बिट्टू हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के मुख्य सूत्रधार दो स्थानीय कांग्रेस नेता हैं, जिन्होंने पुरानी रंजिश और जमीन के सौदे में कमीशन न देने के विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिलवाया।
ट्रैक्टर चालक से प्रॉपर्टी डीलिंग तक, यहीं से शुरू हुआ विवाद
एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि मृतक मनीष गौतम पूर्व में आरोपी कांग्रेस नेता राजेंद्र गहलोत के पास ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था। बाद में वह राजेंद्र गहलोत और उमेश नागर के प्रॉपर्टी व्यवसाय में विवादित जमीनें सुलझाने और प्लॉट बिकवाने का काम करने लगा। विवाद तब शुरू हुआ जब बिट्टू ने अपनी मौसी की जमीन कम दाम में इन्हें बिकवाई, लेकिन आरोपियों ने उसका कमीशन नहीं दिया। इस विवाद के चलते करीब तीन माह पहले बिट्टू ने उमेश नागर के साथ मारपीट की थी और वह सोशल मीडिया पर आरोपियों को लगातार धमकियां दे रहा था।
घर लौटते समय घेरकर चाकुओं से किया हमला
17 अप्रैल की देर रात जब मनीष घर लौट रहा था, तब आरोपियों ने सत्यनारायण गौतम के मकान के पास उसे घेर लिया। हमलावरों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। परिजनों ने कुछ आरोपियों को मौके पर देखा भी था। पुलिस ने इस मामले में राकेश उर्फ राहुल जाटव को गिरफ्तार किया है। तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। फरार होने के लिए उपयोग की गई कार जब्त कर ली गई है।
दो कांग्रेस नेता मास्टरमाइंड, दोनों फरार
हत्याकांड के मुख्य मास्टरमाइंड कांग्रेस नेता राजेंद्र गहलोत और पूर्व पार्षद उमेश नागर बताए जा रहे हैं। राजेंद्र की पत्नी पार्षद रह चुकी हैं और उमेश की पत्नी ने भी पार्षद का चुनाव लड़ा है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में कवाई सीआई राजपाल सिंह, साइबर टीम और कोतवाली पुलिस की चार टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
ये भी पढ़ें:
डिग्री में गड़बड़ी उजागर होने पर 18 पीटीआई बर्खास्त, दस्तावेजों की जांच में सामने आई करतूत
पहले भी रची गई थी हत्या की साजिश, कोटा से बुलाए गए थे शूटर
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि करीब दो महीने पहले भी बिट्टू को मारने के लिए कोटा से शूटर बुलाए गए थे। तब पुलिस ने दो नाबालिगों को हथियार के साथ पकड़ा था, जो कोटा के किशोर संप्रेषण गृह से भागकर आए थे। उस समय बिट्टू की जान बच गई थी, लेकिन इस बार आरोपियों ने स्थानीय लड़कों की मदद से वारदात को अंजाम दे दिया।