जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक कार्यालय, बांसवाड़ा
जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 18 शारीरिक शिक्षकों को डिग्री में गड़बड़ी पाए जाने के बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई पीटीआई भर्ती-2022 से जुड़े दस्तावेज सत्यापन के दौरान सामने आई अनियमितताओं के आधार पर की गई है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय से 35 अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त हुई थी, जिनमें से 19 बांसवाड़ा जिले से संबंधित थे। इनमें से एक मामले को विस्तृत जांच के लिए संयुक्त निदेशक, उदयपुर को भेजा गया है, जबकि शेष 18 शिक्षकों को सेवा से हटा दिया गया।
जांच में पाया गया कि इन शिक्षकों ने आवेदन के समय जो शैक्षणिक डिग्री प्रस्तुत की थी, वह बाद में जमा कराए गए मूल दस्तावेजों से मेल नहीं खाती थी। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी जयदीप पुरोहित ने बर्खास्तगी के आदेश जारी किए। ये सभी शिक्षक अक्टूबर 2023 में नियुक्त किए गए थे और जिले के विभिन्न स्कूलों सज्जनगढ़, गांगड़ तलाई, बागीदौरा और आनंदपुरी क्षेत्रों में पदस्थ थे।
ये भी पढ़ें: जालौर में थाना परिसर में लगी भीषण आग: 40 से अधिक जब्त बाइकें जलीं, अस्पताल के कचरे से चिंगारी उठने की आशंका
निदेशालय से 17 अप्रैल को आदेश मिलने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश देकर कार्रवाई पूरी की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के निर्देशों के तहत की गई है।
यह है मामला
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में 5546 पदों पर पीटीआई भर्ती निकाली गई थी। दस्तावेज सत्यापन के दौरान कई अभ्यर्थियों के कागजात फर्जी या संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद एसओजी ने जांच करते हुए 165 से अधिक अभ्यर्थियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले दर्ज किए थे।