देर रात तक दौसा में खुली शराब दुकान।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के दौसा में शराब कारोबारी मनमानी पर उतर आए हैं। शराब के ठेके मनमर्जी से खोले और बंद किए जा रहे हैं। साथ ही मनमाने रेट पर शराब भी बेची जा रही है। इससे आए दिन विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
नियम के अनुसार शराब ठेकों के खुलने का समय सुबह 10 से रात 8 बजे तक तय किया गया है। लेकिन, दौसा में यह ठेके सुबह 6 बजे से खुल जाते हैं और देर रात तक बंद किए जा रहे हैं। रिपोर्टर के अनुसार ठेकों पर शराब की रेट से ज्यादा वूसले जा रहे हैं। 145 की बियर 180 रुपये या उससे ज्यादा में भी बेची जा रही है। कम रेट पर देने या ज्यादा रुपये लेने की शिकायत करने पर ठेका संचालक विवाद करने लगते हैं।
बता दें कि एक महीने पहले ही शराब ठेकों को नीलामी कर आवंटित किया गया था। इसके बाद भी सारे नियमों की खुले आम धज्जियां उड़ाईं जा रही हैं। कई ठेके ऐसे भी हैं जो आबादी क्षेत्रों में मौजूद हैं। इससे वहां मौजूद लोग शराबी पीकर राहगीरों और महिलाओं से अभद्रता भी करते हैं। इसस लोगों में नाराजगी है।
रिपोर्टर के अनुसार आबकारी अधिकारी अनिल जैन मनमर्जी से संचालित हो रहे इन ठेकों पर कार्रवाई करना तो दूर किसी का कॉल भी नहीं उठाते हैं। इससे नाराज लोगों का कहना कि कहीं न कहीं विभाग की मिलीभगत से ही यह सब हो रहा है।