वकील और सहायक के साथ मारपीट-छीना झपटी करने के मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित बार संघ के वकीलों ने एसपी कार्यालय पर रोष प्रदर्शन किया। सीएम अशोक गहलोत के दौरे का विरोध करने और उन्हें काले झंडे दिखाने की चेतावनी देने की बात कही गई। इसके बाद एसपी से हुई, जिसमें निष्पक्ष जांच के साथ कार्रवाई के आश्वासन पर अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम स्थगित किया।
इससे पहले बार संघ अध्यक्ष जितेन्द्र सारस्वत ने कहा कि बार संघ के सदस्य विनोद कुमार पुत्र गोपीराम कुम्हार निवासी करणीसर और उसके सहायक शैलेन्द्र कुमार पुत्र ताराचन्द मेघवाल निवासी करणीसर के साथ करीब डेढ़ महीने पहले कुछ लोगों ने मारपीट की। मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज छीन लिए और जातिसूचक गाली-गलौज की। इस मामले में विनोद कुमार ने 14 मार्च को सदर थाना में केस दर्ज करवाया था, लेकिन पुलिस ने अभी तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया।
वहीं, फेफाना थाने में दर्ज मामले में भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ बार संघ ने बैठक कर निर्णय लिया कि पुलिस प्रशासन की ओर से अगर तुरंत प्रभाव से आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर बार संघ सचिव प्रदीप सिंह, ओम बिश्नोई, नूर आलम, रघुवीर सिंह वर्मा, जयपाल झोरड़, रामकुमार खटोड़, योगेश झोरड़, अमित गोदारा, रोबिन सिंह, जोधासिंह भवानी वर्मा आदि मौजूद रहे।