भिवाड़ी के फूलबाग थाना क्षेत्र स्थित औद्योगिक इलाके के समीप बने एक कबाड़ गोदाम में शनिवार तड़के अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे खाली लोहे के ड्रमों में तेज धमाके होने लगे। धमाकों की गूंज से पास के रिहायशी इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब पांच बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फूलबाग थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर कर्मचारी राजू ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो आग काफी भयानक रूप ले चुकी थी और लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। गोदाम में बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री और खाली ड्रम रखे हुए थे, जिनमें आग फैलने के बाद धमाके होने लगे।
घटना स्थल के आसपास कई बड़ी औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। बताया जा रहा है कि यह कबाड़ गोदाम रिहायशी क्षेत्र से सटे कृषि भूमि पर बनाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इस गोदाम में आग लगने की घटना हो चुकी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पढ़ें: नेता प्रतिपक्ष ने की कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी की तारीफ, कहा- उन्हें सीएम या डिप्टी CM होना चाहिए था
आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब छह गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। वहीं, एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के मकानों से लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
हालांकि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से गोदाम में रखा भारी मात्रा में कबाड़ जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि समय रहते राहत कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन अब आग के कारणों और सुरक्षा मानकों की जांच में जुटा है।