मनोहरपुर में ट्रांसफार्मर ऑयल तेल सहित पिकअप ज़ब्त
- फोटो : अमर उजाला
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के थाना मनोहरपुर पुलिस ने ट्रांसफार्मर ऑयल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी का तेल ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2000 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल बरामद किया है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबूलाल जाट निवासी रिसानी के रूप में हुई है। आरोपी के पास से 200-200 लीटर क्षमता के कुल 11 ड्रम बरामद किए गए, जिनमें से 10 ड्रम ट्रांसफार्मर ऑयल से भरे हुए थे, जबकि एक ड्रम खाली मिला। बरामद ऑयल की कुल मात्रा करीब 2000 लीटर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि शाहपुरा से मनोहरपुर की ओर एक पिकअप वाहन में चोरी किया गया ट्रांसफार्मर ऑयल ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान पिकअप में रखे ड्रमों में बड़ी मात्रा में ऑयल मिला।
पढ़ें- Sawai Madhopur News: कूनो से निकलकर रिहायशी इलाके तक पहुंचा KP2 चीता, श्याम वाटिका-जीनापुर क्षेत्र में दहशत
पूछताछ के दौरान आरोपी बाबूलाल जाट ऑयल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि यह ऑयल उसने शाहपुरा निवासी नरेंद्र सिंह से खरीदा था। पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बरामद ऑयल और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उनके भी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।