भिवाड़ी जिले के थाना खुशखेडा पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए फोन पर तांत्रिक बनकर लोगों की घरेलू समस्याएं दूर करने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू और वृत्ताधिकारी तिजारा शिवराज सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।
10 लाख की हुई थी ठगी
पुलिस के अनुसार, 21 जनवरी 2026 को थाना खुशखेडा में एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया कि एक व्यक्ति ने खुद को तांत्रिक बताकर घरेलू समस्याएं दूर करने का झांसा दिया और विश्वास में लेकर करीब 10 लाख रुपये की ठगी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण संख्या 23/2026 दर्ज कर भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 406 एवं आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल ट्रैकिंग और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
मेरठ का रहने वाला है आरोपी
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 3 फरवरी 2026 को आरोपी मोहम्मद दानिस (उम्र 26 वर्ष, पुत्र फजरूद्दीन, निवासी गली नंबर 29, जाकिर कॉलोनी, थाना लोहियानगर, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया गया है। वर्तमान में उससे ठगी गई राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं और यह भी जांच की जा रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है।
पहले जानकारी जुटाता फिर घटना को देता था अंजाम
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों की निजी, पारिवारिक और मानसिक समस्याओं की जानकारी जुटाकर उन्हें डर, अंधविश्वास और झूठे चमत्कारों के जाल में फंसाता था। फोन कॉल के माध्यम से वह खुद को तांत्रिक बताकर पीड़ितों को मानसिक रूप से प्रभावित करता और धीरे-धीरे उनसे बड़ी रकम वसूल लेता था।
ये भी पढ़ें:
'जनता की समस्याएं जस की तस, सरकार प्रचार में व्यस्त', विधानसभा में टीकाराम जूली का सरकार पर हमला
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के तंत्र-मंत्र, चमत्कार या फोन पर किए जाने वाले झूठे दावों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध कॉल, साइबर ठगी या धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अन्य लोगों को ठगी से बचाया जा सके।