दिल्ली में एक IRS अफसर के घर उनकी 22 वर्षीय बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 6 बजे हुई इस वारदात के समय युवती घर में अकेली थी। माता-पिता रोज की तरह जिम गए हुए थे। लौटने पर उन्होंने बेटी का शव कमरे में पड़ा पाया। युवती UPSC की तैयारी कर रही थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जांच में गंभीर आरोप सामने आए
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, इसके बाद मोबाइल फोन की चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पूर्व नौकर मुख्य संदिग्ध के रूप में सामने आया
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में घर का पूर्व नौकर राहुल मीणा (19) मुख्य संदिग्ध है। आरोपी करीब 8 महीने तक घर में काम करता रहा था, लेकिन एक महीने पहले खर्चों में गड़बड़ी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। जांच एजेंसियों ने आरोपी की गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटानी शुरू की।
अलवर की घटना से जुड़ा जांच का दावा
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने दिल्ली की घटना से एक रात पहले 21 अप्रैल को राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में भी एक महिला से दुष्कर्म किया था। इस मामले में भी केस दर्ज किया गया है। अलवर में पीड़ित महिला का मेडिकल कराया गया है और जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
दिल्ली और अलवर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अलवर पुलिस भी सक्रिय हो गई थी। अलवर एसपी सुधीर चौधरी राजगढ़ में कैंप कर रहे थे। कुल 9 टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं, जिनमें 7 टीमें अलग-अलग थानों से लगाई गई थीं।
पुलिस ने आरोपी के पिता समेत 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की। अधिकारियों ने यह भी जांच शुरू की कि आरोपी अलवर से दिल्ली कैसे पहुंचा और क्या वह पहले भी इस तरह के अपराधों में शामिल रहा है।
पढ़ें- Jalore News: करंट लगने से बेटे की मौत, खबर मिलते ही पिता रास्ते में दुर्घटना का शिकार; हिरासत में लाइनमैन
दिल्ली में आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
लगातार दबिश के बाद आरोपी राहुल मीणा को दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब दोनों राज्यों से जुड़े घटनाक्रम, आवाजाही और संभावित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
दिल्ली और राजस्थान से जुड़े इस मामले ने पुलिस के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। दो राज्यों में दर्ज मामलों के बीच कड़ियों को जोड़ने और साक्ष्य जुटाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।