कोटपूतली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
जिले में गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने वालों पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में कोटपूतली थाना पुलिस ने कस्बे में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का महिमामंडन करने वाली जैकेट बेचते तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 35 जैकेट जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई ने पहले ही ऐसे अपराधियों, उनके समर्थकों और प्रचार करने वालों के खिलाफ कठोर और निरंतर कार्रवाई के निर्देश जारी कर रखे हैं।
पुलिस के अनुसार कस्बे में कुछ लोग सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए गैंगस्टरों के नाम को लोकप्रिय और महिमामंडित करने में जुटे हुए थे। इस संबंध में पुलिस की ओर से लगातार स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी एकत्रित की जा रही थी। जांच के दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक लॉरेंस बिश्नोई के नाम की प्रिंटेड जैकेटें बेच रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: दौसा में सड़क हादसा, बाइक सवार दो छात्रों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए सिटी प्लाजा क्षेत्र में दबिश दी गई और तीन व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में कृष्ण उर्फ गुड्डू (38) पुत्र महावीर शर्मा, संजय (31) पुत्र नन्छूराम सैनी, सुरेश चंद (50) पुत्र मोहरेलाल शर्मा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 35 जैकेटें बरामद की हैं, जिन पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम और गैंग से जुड़ी प्रिंटिंग की गई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि गैंगस्टरों के नाम पर किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। इससे अपराधी तत्वों का मनोबल बढ़ता है और समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे कृत्यों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। जिले में गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर निरंतर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है तथा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।