सिलिंडरों तक पहुंची आग, धमाके से दो सिलिंडर फटे
- फोटो : अमर उजाला
जिले के शाहपुरा क्षेत्र के देवन गांव में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग के बीच गैस सिलिंडरों में धमाके होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने तेजी से फैलते हुए कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग लगने के दौरान आसपास रखे गैस सिलिंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। अब तक दो सिलिंडर फटने की पुष्टि हुई है। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
ये भी पढ़ें: Jaipur: राजस्थान में ये सात दवाएं क्वालिटी टेस्ट में फेल, सरकार ने लगाई रोक, बाजार से हटाने के आदेश जारी
सूचना मिलते ही शाहपुरा नगरपरिषद की दमकल टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इस दौरान आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया।
अग्निशमन प्रभारी बाबूलाल गुर्जर ने बताया कि दमकल टीम की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गैस सिलिंडरों का सुरक्षित उपयोग करने की अपील की है।