दस साल के मयंक की हत्या का पर्दाफाश, नाबालिग दोस्त निरुद्ध
- फोटो : अमर उजाला
जिले में झाड़ियों के बीच 10 वर्षीय मासूम का शव मिलने के सनसनीखेज मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नाबालिग ने मासूम मयंक के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। यह वारदात रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई थी, जहां मंगलवार देर रात पुलिस ने झाड़ियों से बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद किया था।
पुलिस उपाधीक्षक डॉ. पूनम चौहान ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध नाबालिग को निरुद्ध कर पूछताछ की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मयंक के सिर और गर्दन पर हमला किया था। हत्या के बाद उसने शव को जलाने की भी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाया और मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें: Burning Car: चलती कार बनी आग का गोला, अजमेर में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत; बिलख उठे परिजन
पुलिस ने बताया कि शव बरामद होने के दौरान बच्चे के कपड़े अस्त-व्यस्त अवस्था में मिले थे। ऐसे में पुलिस शारीरिक शोषण की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक मयंक और आरोपी नाबालिग आपस में अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ खेलते थे। हालांकि मयंक के परिजनों को आरोपी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी नाबालिग ने पढ़ाई छोड़ दी थी और अधिकांश समय इधर-उधर घूमता रहता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। यह भी पता चला है कि आरोपी अश्लील वीडियो देखने का शौकीन था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।