बारां में कोटा एसीबी की बड़ी कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में दीपावली से पहले भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई कर हड़कंप मचा दिया है। कोटा एसीबी की टीम ने 24 घंटे के भीतर बारां जिले में दो अलग-अलग जगहों पर तीन सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया। इनमें नगर परिषद के आयुक्त, सहायक अग्निशमन अधिकारी और एक होमगार्ड कर्मी शामिल हैं। दोनों मामलों में एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
ढाई लाख की रिश्वत पर कमिश्नर और अधिकारी ट्रैप
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को कोटा एसीबी टीम ने बारां नगर परिषद में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के आयुक्त और सहायक अग्निशमन अधिकारी को ढाई लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के सुपरविजन में की गई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह रिश्वत नगर परिषद से जुड़ी एक कार्रवाई के बदले में ली जा रही थी। एसीबी की टीम ने मौके से राशि जब्त कर दोनों अधिकारियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि भ्रष्टाचार के नेटवर्क की गहराई तक जांच की जा सके।
यह भी पढ़ें- Sikar News: कर्ज में डूबा पिता बेटियों की शादी से छाप रहा था नोट, लाखों समेटकर फरार हो जाती थी लुटेरी दुल्हन
एक दिन पहले पकड़े गए प्लाटून कमांडर और होमगार्ड
इससे एक दिन पहले ही एसीबी टीम ने होमगार्ड विभाग में भी कार्रवाई करते हुए प्लाटून कमांडर गजेंद्र सिंह और होमगार्ड अख्तर हुसैन को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपी ड्यूटी लगाने के बदले में चार हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे और रकम न देने पर ड्यूटी से वंचित करने की धमकी दे रहे थे। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया और योजना बनाकर दोनों को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते समय ट्रैप किया।
एसीबी का एक्शन, भ्रष्टाचारियों पर नकेल
एसीबी की इन लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों ने प्रदेश में भ्रष्टाचारियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। दीपावली से पहले यह अभियान साफ संकेत देता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और सख्त होगी। दोनों मामलों में एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- रमेश रुलानिया हत्याकांड: राजस्थान पुलिस ने इंदौर से पकड़ा चौथा शूटर, 12 राज्यों में घूमता रहा गैंग