सार
कोटा मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों पर जूनियर्स को सिर झुकाकर चलने, हाथ पीछे बांधने और सलामी देने के लिए मजबूर करने के आरोप लगे हैं। 38 दिनों में तीसरी शिकायत के बाद NMC ने प्रिंसिपल से 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है।
मेडिकल कॉलेज में एक बार फिर रैगिंग का मामला
कोटा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का एक और मामला सामने आने के बाद चिकित्सा शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है। मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों पर फर्स्ट ईयर के जूनियर छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार करने और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि महज 38 दिनों के भीतर रैगिंग की तीसरी शिकायत सामने आई है।
इस बार सीनियर छात्रों के फरमान ने जूनियर छात्रों को परेशान कर दिया। आरोप है कि सीनियर्स ने जूनियर छात्रों को निर्देश दिए कि वे हमेशा सिर झुकाकर चलें और अपने दोनों हाथ पीछे बांधकर रखें। इतना ही नहीं जूनियर छात्रों को बाल छोटे रखने और सीनियर छात्रों को सलामी देने का भी फरमान सुनाया गया। फर्स्ट ईयर के छात्रों का आरोप है कि सीनियर्स उनके साथ छात्रों जैसा नहीं, बल्कि गुलामों जैसा व्यवहार कर रहे हैं। कॉलेज परिसर में इस तरह के नियम थोपकर जूनियर छात्रों पर दबाव बनाया जा रहा है। इससे छात्र मानसिक रूप से परेशान हैं।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: 64 विला-कॉटेज खरीद मामले में आईएएस शिखर अग्रवाल को हाईकोर्ट से राहत नहीं, एसीबी जांच जारी रहेगी
मामले को लेकर फर्स्ट ईयर के छात्रों ने चुप्पी तोड़ते हुए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग यानी एनएमसी का दरवाजा खटखटाया है। छात्रों ने अपनी शिकायत के साथ व्हाट्सएप चैट के सबूत भी आयोग को भेजे हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर रैगिंग और जूनियर छात्रों के साथ किए जा रहे कथित दुर्व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग ने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से जवाब तलब किया है। आयोग ने प्रिंसिपल को 24 घंटे के भीतर पूरे मामले की रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
अब सवाल यह है कि मेडिकल कॉलेज में लगातार सामने आ रही रैगिंग की शिकायतों पर आखिर कब प्रभावी रोक लगेगी? 38 दिन में तीसरी शिकायत सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन की निगरानी और एंटी रैगिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल सभी की निगाहें कॉलेज प्रशासन की जांच और एनएमसी को भेजी जाने वाली रिपोर्ट पर टिकी हैं।