कोटा जिले के महावीर नगर थाना क्षेत्र से बदमाशों ने एक छात्र का अपहरण कर लिया और उसके परिजनों से फिरौती की मांग की। पुलिस ने कुछ ही घंटों में नर्सिंग छात्र को बदमाशों के चंगुल से सकुशल छुड़ा लिया। दहलोद ग्राम वासियों के योगदान के कारण छात्र की जान बच गई।
एसपी शेखावत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया। जिले में सघन नाकाबंदी कराने के साथ बूंदी, सवाई माधोपुर, टोंक और कोटा ग्रामीण पुलिस को भी अलर्ट किया गया। इन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की दिल्ली नंबर की गाड़ी की पहचान कर उसके हर मूवमेंट की जानकारी इकट्ठा की। बदमाश रंगपुर रोड नाकाबंदी तोड़ते हुए केशोरायपाटन टोल नाके से पहले कच्चे रास्ते होते हुए बूंदी में प्रवेश कर गए। उसके बाद टोंक जिले में बरौनी, निवाई की नाकाबंदी तोड़ते हुए झिलाय रोड पर गाड़ी को तेज गति से ले गए। जिसके बाद पुलिस उनके पीछे लग गई।
इन्हें किया गिरफ्तार
एसपी शेखावत ने बताया कि थाना सपोटरा जिला करौली निवासी आरोपी दिलखुश मीणा पुत्र ठंडी लाल (26), राहुल मीणा पुत्र कालूलाल (19), खुशवंत मीणा पुत्र हेमराज (19) एवं अखिलेश मीणा पुत्र ठण्डी लाल (27) और थाना सूरवाल जिला सवाई माधोपुर निवासी दिलखुश मीणा पुत्र शिवदास (18) को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अखिलेश मीणा के खिलाफ जयपुर, दौसा, टोंक, सवाई माधोपुर और कोटा जिले में 14 और खुशवंत, राहुल और दिलखुश मीणा के विरुद्ध भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हुए हैं।