कोटा-बूंदी क्षेत्र में न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी पर गेहूं खरीद की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को सीएडी सभागार में भारतीय खाद्य निगम एफसीआई, राजफैड, तिलमसंघ, एनसीसीएफ और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में गेहूं खरीद की मौजूदा स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
‘मंडियों और केंद्रों पर किसानों को न लौटना पड़े खाली हाथ’
स्पीकर ओम बिरला ने मंडियों एवं सभी खरीद केंद्रों में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफसीआई सहित सभी खरीद एजेंसियां यह सुनिश्चित करें कि एमएसपी पर बेचने के लिए गेहूं लेकर मंडी एवं खरीद केंद्र पर आए किसान को खाली हाथ नहीं लौटना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने में किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए।
खरीद बढ़ने की संभावना, उठाव और अनलोडिंग तेज करने के निर्देश
ओम बिरला ने कहा कि आगामी दिनों में गेहूं की खरीद दुगुनी होने की संभावना है, इसलिए गेहूं के उठाव एवं गोदामों में अनलोडिंग की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एफसीआई के गोदामों के बाहर गाड़ियां दो दिन से अधिक खड़ी नहीं रहें। इसके लिए गोदामों में लेबर बढ़ाने को कहा गया।
रेलवे रेक समन्वय से परिवहन व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
उन्होंने राजफैड एवं तिलमसंघ को निर्देश दिए कि एक रेक की क्षमता के गेहूं की खरीद पूरी होने पर एफसीआई अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर क्रय केंद्रों से गेहूं रेलवे यार्ड तक पहुंचाया जाए, ताकि वहां से रेक की व्यवस्था की जा सके। बैठक में लॉजिस्टिक व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
पढ़ें- Jaipur News: आईपीएल टिकट के नाम पर साइबर ठगी का खतरा, राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
बारदाने की कमी नहीं होने देने के निर्देश
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बारदाने के अभाव में किसानों के गेहूं की तुलाई नहीं रुकनी चाहिए। कोटा-बूंदी में बारदाने की कोई कमी नहीं हो, अधिकारी यह सुनिश्चित करें। उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर बारदाना खरीद के लिए वर्क ऑर्डर जारी करने को कहा।
अधिकारियों से फोन पर भी की चर्चा
इस संबंध में ओम बिरला ने शासन सचिव सहकारिता डॉ. समित शर्मा एवं खाद्य सचिव अम्बरीश कुमार से फोन पर बात कर निर्देश दिए कि बारदाना की समस्या का समाधान कर गेहूं की खरीद बढ़ाई जाए। साथ ही एफसीआई अधिकारियों को कहा गया कि राजफैड सहित अन्य एजेंसियों को यदि खराब बारदाना उपलब्ध कराया गया है तो उसे वापस लिया जाए।
लक्ष्य पूरा होने तक खुले रहेंगे खरीद केंद्र
ओम बिरला ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी खरीद केंद्र का लक्ष्य पूरा भी हो जाए, तब भी उसे तब तक खुला रखा जाए जब तक पूरे जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता। इस निर्देश को किसानों की सुविधा से जोड़कर देखा जा रहा है।