कोटा शहर को शिक्षा नगरी के नाम से जाना जाता है। कोचिंग नगरी में कई अजूबे हैं, जिससे इसको एक अलग पहचान मिली है। अब इस शिक्षा नगरी में एक कंप्यूटर गर्ल है, जिसके कारनामे से सभी अचंभित हो जाते हैं। ये लड़की अरबों के पहाड़े मिनटों में सुना देती है। वह आठ विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी है।
वंशिका आगे कहती हैं कि मेरा सबसे पहला रिकॉर्ड 11 डिजिट की टेबल 39 सेकंड में लिख कर अपने नाम किया था। जबकि मुझे टारगेट 1 मिनिट का मिला था। उसके बाद हर साल एक दो रिकॉर्ड बनते चले गए। उन्होंने कहा कि हर साल कम से कम एक रिकॉर्ड बने, यही मेरा लक्ष्य है।
वंशिका की मां गायत्री शर्मा ने बताया कि कुछ साल पहले एक मैगजीन में एक बच्चे के बारे में छपे आर्टिकल को पढ़ रही थी। जिसमें बच्चे ने दो डिजिट का पहाड़ा कुछ सेकेंड्स में ही सुना दिया। तब मैंने भी वंशिका को ऐसा करने के लिए कहा तो इसने भी कुछ सेकेंड में ही सुना दिया। तब मेरे आश्चर्य का ठिकाना ना रहा। फिर मेरे पति और मैंने वंशिका के साथ मेहनत की। जिसके बाद वंशिका लगातार प्रैक्टिस करती रही और रिकॉर्ड अपने नाम करती रही। वंशिका ने सैंकड़ों नोटबुक को अपनी प्रैक्टिस के लिए काम में लिया है और घंटों तक बोर्ड पर मैथमेटिक्स की प्रैक्टिस करती रहती है।
अशोक गहलोत सहित कई नेता कर चुके हैं तारीफ
वंशिका की कैलकुलेशन को देखकर कई लोग अचंभित हो चुके हैं। जिनमें लोकसभा स्पीकर ओम बिरला,प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कई मंत्री, विधायक, कई आईएएस अधिकारियों सहित कई जिलों के कलेक्टर्स शामिल हैं। सभी लोगों ने उसकी कैलकुलेशन को आश्चर्यचकित करने वाली बताई। यहां तक कि जब फ्रांस के राजकुमार भारत आए, तब उनसे मिली। तब वो भी वंशिका की कला से बेहद प्रभावित हुए।
कॉलेजों में देती हैं मोटिवेशनल स्पीच
वंशिका के टैलेंट की वजह से उन्हें देश ही नहीं विदेश में भी पहचान मिल रही है। इसी के चलते कई जगह सम्मान समारोह में शामिल होने जाती रहती है और मोटिवेशनल स्पीच भी दी है। जिनमें हिमाचल प्रदेश की कई यूनिवर्सिटी, जम्मू, राजस्थान, दिल्ली सहित कई कॉलेजों के विद्यार्थियों को मोटिवेट किया है। वंशिका कई नेशनल और इंटरनेशनल लेवल के सेमिनार में ऑनलाइन शामिल हुई हैं, जिनमें मोटिवेशनल स्पीकर के रूप खुद को बखूबी पेश किया है।