शहर के गुमानपुरा थाना इलाके में शुक्रवार को नाबालिग बच्चों के बीच खेलने के दौरान हुए झगड़े में चाइना चाकू से हुए हमले में एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। नाबालिग को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल बच्चे के मामा शकील ने जानकारी देते हुए बताया कि घर के बाहर गली में सभी बच्चे मस्ती-मजाक कर रहे थे, तभी उनके भांजे की दूसरे बच्चे से कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर दूसरे नाबालिग ने चाकू से बच्चे के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
एमबीएस अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. एसएन गौतम ने बताया कि 12 वर्षीय नाबालिग को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और हमले के कारण उसकी सिर की हड्डी में भी फ्रैक्चर हो गया है। फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गुमानपुरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।