कोटा में महिला मनरेगा मजदूरों ने कोटा जिला कलेक्ट्रेट पर बुधवार को प्रदर्शन किया। रोजगार देने व बकाया भुगतान की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिला मनरेगा मजदूरों ने जिला कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी महिला मनरेगा मजदूरों ने बताया कि पिछले एक साल से उनका बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा है। वहीं, मनरेगा योजना में काम भी नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में न तो उनके पास रोजगार है न उनका बकाया भुगतान मिल रहा है। उनके सामने परिवार चलाने का भारी संकट आ खड़ा हुआ है। महिलाओं ने कहा कि उन्हें मनरेगा में काम दिया जाए और बकाया भुगतान दिलाया जाए।
मनरेगा मजदूर होने के बावजूद रोजगार नहीं दिए जाने के कारण महिला मजदूरों पर घरेलू जरुरतें भी नहीं हो पा रही पूरी। ऊपर से एक साल से बकाया भुगतान ने कोढ़ में खाज का काम कर दिया है। मनरेगा में काम की गारंटी के बाद भी सैंकड़ों महिलाओं पर आजीविका के लिए भी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीण स्तर पर कई बार समस्या और शिकायत के बाद महिला मजदूरों की कहीं भी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद अभी लामबंद होकर आ डटीं जिला कलेक्ट्रेट और जिला कलेक्टर से समस्या के समाधान की मांग की।