लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयास लाए रंग
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से कोटा को रेल सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगात मिली हैं। कोटा से दिल्ली और इंदौर तक रेल कनेक्टिविटी को सुगम बनाने के लिए लिए नई ट्रेन, नई मेमो ट्रेन और मेंटीनेंस पिटलाइन को मंजूरी दी है। ये सुविधाएं रेल यात्रियों के लिए आवागमन को सुगम बनाएंगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और अधिक सशक्त बनाएंगी। लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिसंबर में कोटा-बूंदी रेल परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में स्पीकर बिरला ने रेलवे बोर्ड के अधिकारियों को कोटा से इंदौर व दिल्ली के लिए नई ट्रेन शुरू करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए थे। इस दिशा में रेलवे ने बुधवार को कोटा मंडल के लिए नई रेल सुविधाओं की मंजूरी दी।
बिरला के निर्देश पर रेलवे द्वारा दिल्ली और इंदौर के बीच नई ट्रेन का संचालन किया जाएगा। ट्रेन नई तकनीक से बने आधुनिक कोचों के साथ चलाई जाएगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। जानकारी के अनुसार ट्रेन रात 11:30 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और सुबह 5:20 बजे कोटा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दिन के समय इंदौर से रवाना होगी और कोटा रात 9:40 बजे पहुंचेगी, जिसके बाद यह प्रातः 4:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन कोटा से दिल्ली और इंदौर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनेगी और यात्रा को और सुगम बनाएगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अप्रेल में ट्रेन का शुभारंभ करेंगे।
पढ़ें: ढेलाणा गांव में बजरी माफिया का आतंक, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार; जानें
बिरला के निर्देश पर रेलवे बोर्ड ने कोटा के लिए मेमो ट्रेन के 12 कोच की एक रैक की मंजूरी दी है। रेलवे ने कपूरथला कोच फैक्टरी को नए कोच निर्माण के लिए आदेश दिए हैं। इसके मई में कोटा आने की संभावना है। मैमो रैक बढ़ने व नए रूट पर ट्रेन संचालन से कोटा और आसपास के क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए आवागामन को सुलभ बनाएगी। वर्तमान में कोटा से एक 12 कोच और तीन 8 कोच वाली सहित कुल 4 मैमो ट्रेन का संचालन होता है।