एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र की राम मंदिर गली में स्थित मधुर दूध डेयरी में शनिवार रात भीषण आग लगने से कर्मचारी लेखराज की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद रविवार को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों ने भारी हंगामा किया। मृतक के परिजन 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हैं। मुआवजे की मांग पूरी न होने तक स्वजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इन्कार कर दिया, जिसके कारण घटना के लगभग 18 घंटे बीत जाने के बाद भी पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
ये भी पढ़ें-
श्रीगंगानगर: अब महिलाएं निशाना… इसलिए आईएसआई का मोहरा बन गई 21 साल की महकदीप
मोर्चरी के बाहर परिजनों का धरना
परिजन रविवार सुबह से ही अस्पताल परिसर में मोर्चरी के बाहर एकत्रित हो गए और अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे लोगों का स्पष्ट कहना है कि जब तक डेयरी मालिक और प्रशासन की ओर से 30 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत नहीं की जाती, तब तक वे शव को नहीं उठाएंगे और न ही पोस्टमार्टम होने देंगे। घटना के बाद से ही परिजनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थिति को अनियंत्रित होने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
अधिकारियों की समझाइश और सुरक्षा व्यवस्था
कोटा शहर के उपजिलाधिकारी कपिल शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने धरने पर बैठे परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि नियमानुसार मिलने वाली सभी सरकारी सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही, डेयरी मालिक की तरफ से भी हरसंभव आर्थिक मदद कराने का आश्वासन दिया गया। हालांकि, परिजन अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। अस्पताल परिसर में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और आरएसी का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है।