मामले में कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को रील बनाते समय गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने आज मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया। परिजनों ने मृतक के दोस्त पर हत्या करने का आरोप लगाया है। महावीर नगर थाना अधिकारी का कहना है कि परिजनों ने हत्या की रिपोर्ट दी है। मामले में अनुसंधान कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
मृतक यशवंत नागर के पिता ने बताया कि उनका बेटा अच्छे स्वभाव का था। उसका किसी से कोई झगड़ा भी नहीं था। वह मनोहर थाना से कोटा अपने दोस्त के पास आया था। उसके एग्जाम भी थे। अचानक कैसे क्या घटना घट गई कुछ समझ नहीं आ रहा। वहीं मृतक यशवंत नागर के जीजा ने कहा कि उन्होंने रील बनाते समय जो वीडियो बनाया था वह देखा है। मृतक यशवंत नागर के दोस्त उदय ने बंदूक लोड करके यशवंत नागर पर चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। ये सीधे-सीधे हत्या का मामला है।
फिलहाल महावीर नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बता दें कि कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र में महर्षि गौतम सामुदायिक भवन के पास बुधवार दोपहर रील बनाते समय अचानक गोली चल जाने से यशवंत नागर नाम के युवक की मौत हो गई थी।