कोटा के महाराव भीमसिंह अस्पताल में डॉक्टर आमने—सामने हो गए हैं। इसका खमियाजा अस्पताल में भर्ती मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
दरअसल, महाराव भीमसिंह अस्पताल में खड़ा हुआ ये विवाद ईएनटी विभाग से जुड़ा है। विभाग के एचओडी बने डॉ.शिवकुमार ने यहां आॅपरेशन थियेटर की व्यवस्था में कुछ फेरबदल कर दिया। यहां उन्होंने विभाग के अन्य प्रोफेसर डॉ.राजकुमार जैन के ओटी कम कर खुद के ओटी दिन तय कर दिए। ऐसे हालात में डॉ.राजकुमार के तय आॅपरेशन नहीं हो सके और उनके मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस बारे में डॉ.राजकुमार का कहना है कि वे भी डॉ.शिवकुमार के बराबर ओहदा रखते हैं और उन्हें भी बराबर ओटी मिलने चाहिए। उन्होंने बताया कि उनके मरीजों के आॅपरेशन का दिन वे पहले ही तय कर चुके थे, लेकिन डॉ.शिवकुमार ने उनकी डेट बदलकर खुद के मरीजों के आॅपरेशन कर दिए। इसके चलते उनके मरीजों के आॅपरेशन नहीं हो सके। इस सम्बंध में डॉ.शिवकुमार ने बताया कि उन्होंने ओटी में कोई बदलाव नहीं किया है। उन्होंने कोर्ट के आदेश पर उनके पूर्व कार्यकाल की व्यवस्था को ही फिर बहाल किया है।
गौरतलब है कि ईएनटी विभाग को सप्ताह में पांच ओटी टेबल मिली हुई हैं। इनमें मंगलवार को दो और सोमवार, गुरुवार व शुक्रवार को एक ओटी टेबल की व्यवस्था है। इन पांच ओटी टेबल में से दो डॉ. शिवकुमार को और दो डॉ.राजकुमार को अलॉट है और एक इनके ही अन्य सहयोगी सह आचार्य डॉ. विजय मीणा को मिली हुई है।