एरोड्रम सर्किल के पास दुकान में लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के कोटा जिले में एरोड्रम सर्किल के पास बने जूते के तीन मंजिला शोरूम में शनिवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसने तीनों मंजिलों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की सात दमकलें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। जिस भवन में आग लगी, उसकी ऊपरी मंजिल पर एक परिवार और कुछ किराएदार भी रहते थे। सभी को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फर्स्ट फ्लोर से शुरू हुई आग, पूरे भवन में फैल गई
अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि एरोड्रम सर्किल और घोड़े वाले बाबा चौराहे के बीच स्थित जूते के शोरूम में आग लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग पहले भवन की पहली मंजिल पर लगी और देखते ही देखते पूरे भवन में फैल गई। घटनास्थल के आसपास घनी बाजार, निजी बैंक और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें तुरंत बंद कर दीं।
छत के रास्ते परिवार और किराएदारों का रेस्क्यू
राकेश व्यास ने बताया कि आग लगने के समय भवन की ऊपरी मंजिल पर मौजूद परिवार और किराएदार फंस गए थे। राहत टीम ने उन्हें छत के रास्ते पास की इमारत तक पहुंचाया और सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते रेस्क्यू होने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
यह भी पढ़ें:
राजस्थान निकाय चुनाव: हरियाणा-MP में प्रत्यक्ष चुनाव, राजस्थान में BJP का रुख अलग क्यों? विपक्ष ने उठाए सवाल
भीड़ और ट्रैफिक संभालना पुलिस के लिए बना बड़ा चुनौती
तीन मंजिला शोरूम में आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वायरलेस के माध्यम से अतिरिक्त बल बुलाया और लोगों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ लगातार बढ़ती रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मार्ग शहर के कई प्रमुख रास्तों से जुड़ता है और यहां से भारी ट्रैफिक गुजरता है। ऐसे में ट्रैफिक डायवर्ट करना और भीड़ को नियंत्रित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया।