कोटा ग्रामीण के कनवास थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एसडीएम कोर्ट परिसर के भीतर महिला और उसके पिता से लात-घूंसों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। कार से पीछा करते हुए आए ससुराल पक्ष के लोगों ने कोर्ट परिसर में घुसकर दोनों के साथ हिंसा की। मौके पर उपस्थित वकीलों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव करके पीड़ितों की रक्षा की। कनवास थानाधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि मामोर झोपड़ियां निवासी पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर उसके पति सहित चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कार से पीछा कर कोर्ट में किया हमला
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला सोमवार को अपने पिता के साथ बाइक से कनवास की ओर जा रही थी। पावर हाउस के पास पहुंचते ही कार में सवार होकर आए उसके पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। स्थिति भांपकर पीड़िता ने अपने पिता को बाइक एसडीएम कोर्ट परिसर की तरफ ले जाने के लिए कहा। हालांकि, पीछे से पीछा करते हुए ससुराल के लोग भी कार लेकर कोर्ट परिसर में आ पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने कोर्ट परिसर में ही उसके और उसके पिता के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- बालाजी धाम का हवाई सपना क्यों टूटा?: ढोल-नगाड़ों से शुरू हुई सेवा पहली उड़ान के बाद बंद, जानिए वजह
वकीलों ने बचाया, सुरक्षा पर जताई नाराजगी
जब महिला ने अपने पिता को बचाने का प्रयास किया तो पति ने उसका हाथ पकड़कर उसे जोर से जमीन पर पटक दिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर महिला के साथ भी जमकर मारपीट की। वहां मौजूद वकीलों और आम नागरिकों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों को आरोपियों के हमले से बचाया। कोर्ट परिसर के भीतर हुई इस वारदात के बाद वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभाषक परिषद ने भी गहरी नाराजगी व्यक्त की है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।